नीतीश कुमार ने ली 10वीं बार शपथ, शपथ की बारी अब 26 मंत्रियों की, गांधी मैदान में मंच पर मौजूद मोदी-शाह-नायडू

बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद अब सूबे में नई सरकार के गठन की बारी है. नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. नीतीश कुमार के साथ ही सरकार के 26 मंत्री भी शपथ ले रहे हैं. बीजेपी के कोटे से सरकार में दो डिप्टी सीएम होंगे. सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा फिर से नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. नीतीश कैबिनेट में किस पार्टी के कोटे से कौन-कौन से नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे, इस पर भी मोहर लग चुकी है.

नीतीश मंत्रिमंडल में शपथ लेने जा रहे मंत्रियों की लिस्ट भी सामने आ गई है. बीजेपी के कोटे से नई सरकार में 14 मंत्री होंगे. वहीं, जेडीयू से सीएम नीतीश के अलावा सात मंत्री बनने जा रहे हैं. जीतनराम मांझी की अगुवाई वाली हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के कोटे से एक-एक मंत्री बनेंगे.

जीतनराम मांझी की पार्टी से उनके बेटे संतोष कुमार सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से उनके बेटे दीपक प्रकाश मंत्री पद की शपथ लेंगे. चिराग की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से दो मंत्री बनेंगे.