दिवाली तक UPI लेनदेन पर नहीं लगेगा MDR चार्ज, सरकार ने टाला फैसला

सरकार ने यूपीआई ट्रांजैक्शन पर दो दिन बाद लागू होने वाले मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी UPI MDR को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब कुछ चुनिंदा यूपीआई लेनदेन पर इस लागू करने की तय तारीख यानी 15 अक्टूबर से चार्ज नहीं लिया जाएगा, बल्कि इसे दीवाली के बाद की किसी तारीख तक टाल दिया गया है. बता दें कि केंद्र सरकार ने 2000 रुपये से ज्यादा के यूपीआई लेनदेन पर 0.40% का मर्चेंट डिस्काउंट रेट तय किया है और ये 15 अक्टूबर से लागू होने वाला था. इससे पहले ही सरकार ने कुछ ट्रांजैक्शन को फेस्टिव सीजन में बड़ी राहत देने का ऐलान किया है.

दरअसल, यूपीआई एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने आज फैसला लिया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) यूपीआई लेनदेन पर MDR को दिवाली के बाद लागू किया जाएगा. इसके लागू होने की तारीख के बारे में अलग से सूचना दी जाएगी.

ये फेस्टिव सीजन में व्यापारियों के लिए एक बड़ी खबर है, क्योंकि इनके लिए दिवाली, दशहरा, नवरात्रि समेत अन्य त्योहारों पर बाजार में कारोबार का सबसे बड़ा मौका होता है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री यानी CTI की ओर से भी लगातार व्यापार पर बड़ी चोट लगने का हवाला देते हुए इसे टालने की डिमांड की जा रही थी.

अब दिल्ली समेत देश भर के व्यापारियों के लिए खुशखबरी आई है और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की UPI और सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने चुनिंदा मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू करने का फैसला दिवाली के बाद तक टाल दिया है.