नॉर्वे चेस- प्रज्ञानानंदा-गुकेश जीते, दिव्या ने हम्पी को हराया, देशमुख टाइटल रेस में कायम

भारतीय खिलाड़ियों ने नॉर्वे चेस टूर्नामेंट के 7वें राउंड में वापसी की। सोमवार रात आर. प्रज्ञानानंदा ने फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा को हराकर तीन अंक हासिल किए। वहीं, वर्ल्ड चैंपियन डी. गुकेश ने वेस्ली सो के खिलाफ टाईब्रेक जीतकर 1.5 अंक हासिल किए। एक दिन पहले छठे राउंड में भारतीय ग्रैंड मास्टर्स को पराजय झेलनी पड़ी थी। फिलहाल, आर. प्रज्ञानानंदा और दिव्या देशमुख खिताब की दौड़ में बने हुए हैं। गुकेश ओपन कैटेगरी के सबसे निचले पायदान पर हैं।

प्रज्ञानानंदा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए 26वीं चाल पर बढ़त बनाई और फिरोजा को लगातार दूसरी क्लासिकल हार दी। इस जीत के बाद उनके 9 अंक हो गए हैं। गुकेश अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो के खिलाफ क्लासिकल मैच में जीत के करीब पहुंचने के बावजूद ड्रॉ पर रुक गए। हालांकि, टाईब्रेक जीतकर उन्होंने 1.5 अंक हासिल किए। उनके कुल 8 अंक हैं।

महिला वर्ग में दिव्या देशमुख ने हमवतन कोनेरू हम्पी को आर्मागेडन टाईब्रेक में हराकर 10 अंक हासिल किए। हालांकि, कजाकिस्तान की बिबिसारा असाउबायेवा 12.5 अंकों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। अगले राउंड में दिव्या और बिबिसारा का मुकाबला खिताबी दौड़ की दिशा तय कर सकता है।

ओपन वर्ग में वेस्ली सो 12.5 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। अलीरेजा फिरोजा 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। प्रज्ञानानंदा, मैग्नस कार्लसन और विन्सेंट कीमर 9-9 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।