विराट कोहली ने बढ़ाया हाथ, वैभव सूर्यवंशी ने किया प्रणाम, फिर बेबी बॉस को बड़े भाई की तरह दिया गुरुमंत्र

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की टीम बेशक फाइनल में नहीं पहुंची, लेकिन ये पूरा सीजन टीम के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा. वैभव ने राजस्थान के लिए इस सीजन 16 मैचों 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप खिताब जीता. इसके अलावा उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. यही कारण है कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच हुए फाइनल मुकाबले में भी वैभव सूर्यवंशी छाए रहे.आईपीएल 2026 के फाइनल में आरसीबी ने गुजरात को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 5 विकेट से हराया. आरसीबी लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी.

मैच खत्म होते ही आरसीबी के दिग्गज विराट कोहली वैभव सूर्यवंशी से मिलने पहुंचे. वैभव आरसीबी के सुयश शर्मा और एक अन्य खिलाड़ी के साथ तब बात कर रहे थे. इसी बीच विराट कोहली ने उनकी तरफ बढ़ते हुए हाथ मिलाने पहुंचे, लेकिन एक बार फिर बेबी बॉस ने अपने संस्कारों से सबका दिल जीत लिया. वैभव ने महान विराट कोहली से हाथ मिलाने के बजाय तुरंत एक शिष्य की तरह उन्हें प्रणाम किया. विराट कोहली भी वैभव के रिएक्शन से गदगद हो गए उनके कंधे पर हाथ रखकर बड़े भाई की तरह गुरुमंत्र दिया.

गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी की जीत के हीरो विराट कोहली रहे. विराट कोहली ने ही टीम के लिए विनिंग शॉट लगाया. मुकाबले में 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने नाबाद 75 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में विराट कोहली ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 3 छक्के भी जड़े.

इससे पहले गुजरात टाइटंस को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था. गुजरात की टीम बड़े मैच के दबाव को झेल नहीं पाई और सिर्फ 155 रन ही बना सकी. टीम के लिए वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए. इसके अलावा और कोई भी बल्लेबाज कमाल नहीं दिखा सके.