CG : मनरेगा के नए नाम VB G RAM G का विरोध… कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर VB G RAM G किया है. इस नए नाम के बाद मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हट गया है. मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने को लेकर देश समेत छत्तीसगढ़ में सियासत गर्म हो गई है. मनरेगा का नाम बदले जाने को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. रायपुर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आजाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा के सामने धरना देते हुए मोदी सरकार पर जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया. रायपुर में आयोजित धरना प्रदर्शन आजाद चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने किया गया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी. ‘रघुपति राघव राजा राम’ का भजन-कीर्तन कर गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलना केवल औपचारिक फैसला नहीं है, बल्कि इसके जरिए योजना की मूल भावना को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार योजनाओं के नाम बदलकर जनता का ध्यान भटकाने और अपनी असफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है.

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उनका कहना था कि मनरेगा करोड़ों गरीब और ग्रामीण परिवारों की जीवनरेखा है, लेकिन केंद्र सरकार लगातार बजट कटौती और अब नाम परिवर्तन के जरिए इसे खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है.

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह धरना केवल रायपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालयों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया गया है.पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा.