अफगानिस्तान सीमा पर तालिबान के हमले में छह पाकिस्तानी सैनिक ढेर, बच्चे की मौत से भड़का तनाव

पाकिस्तानी सैन्य बलों ने एक अफगान बच्चे को गोली मार दी, ज‍िससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद रविवार देर रात तनाव बढ़ गया। अफगान सीमा बल और पाक‍िस्‍तानी सेना के बीच झड़प हो गई। कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में अफगान सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई में कम से कम छह पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। इस घटना के बाद सीमा पर तनाव चरम पर है। पाकिस्तान ने तालिबान के हमलों को देखते हुए भारी संख्या में सैनिकों को तैनात कर दिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह झड़प स्पिन बोल्डक इलाके में हुई, जो दोनों देशों के बीच एक अहम बॉर्डर क्रॉसिंग है। कंधार में तालिबान से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि इस झड़प में छह पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और एक को पकड़ लिया गया। एक अन्य सैनिक का शव भी तालिबान के हाथ लगा। साउथ वजीरिस्तान में अफगान तालिबान की गोलीबारी में तीन आम लोग घायल हुए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। सुरक्षा सूत्रों ने इसे फितना अल-खवारिज आतंकियों की नाकाम घुसपैठ की कोशिश बताया। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना अंगूर अड्डा के जलोल खेल इलाके में हुई, जहां पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार से घुसने की कोशिश कर रहे आतंकियों को रोक दिया। इसके बाद अफगान तालिबान की तरफ से बिना उकसावे के फायरिंग की गई।