पेरू में भारतीय की कार पर 30 गोलियां चलाईं, सोना-जेवर से भरे बैग और सूटकेस लूटे

दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में हथियारबंद बदमाशों ने एक भारतीय युवक की SUV पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं। युवक के साथ कार में पेरू की एक महिला भी मौजूद थी। दोनों एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी कई गाड़ियों में आए बदमाशों ने उनकी SUV को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कार के दरवाजे खोलकर उसमें रखे सोने के जेवरों से भरे बैग और सूटकेस लूट लिए। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। हमले में भारतीय युवक और महिला घायल हुए हैं। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे पेरू के कैलाओ इलाके के ला पेरला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। भारतीय युवक और महिला जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे। पेरू के अखबार ‘एल कॉमर्सियो’ के मुताबिक, बदमाश कई गाड़ियों में सवार होकर आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ियां SUV के आगे और आसपास लगा दीं, ताकि उसमें सवार लोग भाग न सकें। पुलिस को शक है कि हमलावर पहले से उनका पीछा कर रहे थे और पूरी वारदात की योजना बनाकर आए थे।

पास की एक इमारत में लगे CCTV कैमरे में हमले का वीडियो रिकॉर्ड हुआ है। इसमें नकाब पहने बदमाश SUV को चारों तरफ से घेरकर उसकी खिड़कियों पर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक बदमाश कार में सवार व्यक्ति को बाहर खींचकर सड़क पर गिरा देता है।

कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने बताया कि यह लूटपाट और फायरिंग का मामला है। वारदात में करीब 10 बदमाश शामिल थे। उन्होंने तीन वैन और कुछ दूसरी गाड़ियों की मदद से SUV को रोका था। वारदात के बाद इन्हीं गाड़ियों से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही नेशनल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। घटनास्थल पर पुल के पास कुछ मोबाइल फोन भी मिले हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ये फोन पीड़ितों के हैं या हमलावरों के।

पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल हुई ग्रे रंग की एक गाड़ी का नंबर B6H-624 है। इस गाड़ी का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2011 में यह गाड़ी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले एक हादसे से जुड़े मामले में दर्ज हुई थी।