LPG संकट पर पेट्रोलियम मंत्री ने दिया बयान, विपक्ष ने लगाए ‘देखो एपस्टीन का दोस्त आया’ के नारे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बोल रहे हैं. राहुल गांधी ने ईरान युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद है. देश में एलपीजी को लेकर संकट है. स्ट्रीट वेंडर्स पर ज्यादा प्रभाव पड़ा है. अमेरिका कौन होता है हमें यह बताने वाला कि हम किससे तेल खरीदेंगे, किससे गैस खरीदेंगे. छोटे व्यापारी परेशान हो रहे हैं. मैंने कहा कॉम्प्रोमाइज्ड. यहां एक मंत्री जी बैठे हैं, जिन्होंने कहा था एपस्टीन दोस्त. इस बात पर संसद में भारी हंगामा शुरू हो गया. ट्रेजरी बेंच की ओर से हंगामा शुरू हो गया. स्पीकर ने राहुल गांधी को टोकते हुए कहा कि आपने नोटिस कुछ और दिया है. नोटिस बोलिए. नियम से परे बोलने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी. स्पीकर ने सपा सांसद धर्मेंद्र यादव से पूछा कि कुछ बोलना चाहते हैं. धर्मेंद्र यादव ने कहा कि विपक्ष के नेता अपनी बात पूरी कर लें, उसके बाद बोलना चाहेंगे.
एलपीजी संकट पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी लोकसभा में बयान दे रहे हैं. हरदीप पुरी के बयान के दौरान विपक्षी सदस्य एपस्टीन-एपस्टीन के नारे लगा रहे हैं. विपक्ष की नारेबाजी, जोरदार हंगामे के बीच हरदीप पुरी ने लोकसभा में कहा कि भारत में क्रूड सप्लाई सुरक्षित है. उन्होंने कहा कि होर्मुज से 20 फीसदी आवाजाही प्रभावित है. देश में अभी पर्याप्त गैस है. गैस सिलेंडर पर पैनिक होने की जरूरत नहीं है.
हरदीप पुरी ने लोकसभा में कहा कि हमारे पास पर्याप्त कच्चा तेल है. डीजल-पेट्रोल और गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है. एलएनजी कार्गो रोजाना आ रहे हैं. दूसरे मार्गों से भी सप्लाई आ रही है. सीएनजी की सप्लाई सौ फीसदी जारी है. कनाडा, नॉर्वे, रूस से हम ईंधन ले रहे हैं. एलपीजी का उत्पादन 28 प्रतिशत बढ़ा है. अल्टरनेट फ्यूल चैनल्स को एक्टिवेट कर दिया गया है. रिटेलर्स के जरिये केरोसिन तेल भी उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है. तीन मंत्रियों की कमेटी बनाई गई है, जो हालात पर नजर रखे हुए है. हम लंबे समय तक ऐसे हालात से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. देश में पैनिक की वजह से डिमांड बढ़ी है. गैस को लेकर प्राथमिकताएं तय कर दी गई हैं. हरदीप पुरी की स्पीच के दौरान विपक्षी सदस्यों ने ‘देखो-देखो कौन आया, एपस्टीन का दोस्त आया’ के नारे लगाए.
