30 हजार फीट पर प्लेन की खिड़की टूटी, पैसेंजर का सिर-कंधा बाहर निकला

ग्रीस के आकाश में एक फ्लाइट की खिड़की टूट जाने से बड़ा हादसा टल गया। इससे कैबिन में अचानक दबाव कम हो गया। उस खिड़की के नजदीक बैठे 61 साल के पैसेंजर का सिर और कंधे खिड़की से बाहर निकल गए। उस समय प्लेन 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। एक महिला पैसेंजर ने बताया कि बुजुर्ग को पास बैठी पत्नी ने बचाया। जैसे ही वह विंडो से बाहर निकलने लगे, उनकी पत्नी ने जोर से दोनों पैर पकड़ लिए।

यह घटना मैसिडोनिया के ऊपर हुई। फ्लाइट ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही थी। विमान कंपनी रायनएयर ने बताया कि पैसेंजर को जलने जैसी चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत ठीक है।

घायल यात्री सर्बिया का टूरिस्ट है। प्लेन ने सुबह 5.55 मिनट पर (ग्रीस के समय के अनुसार) थेसालोनिकी से उड़ान भरी थी।

घटना के समय प्लेन में मौजूद महिला पैसेंजर ने रेडियो थेसालोनिकी को बताया, ‘घटना के समय ज्यादातर पैसेंजर सो रहे थे। तभी टायर फटने जैसी तेज आवाज आई। इसके तुरंत बाद लोगों की चीखें सुनाई दीं।’
‘हमें तुरंत समझ आ गया कि विमान के अंदर दबाव कम हो गया है। कुछ पल के लिए मुझे लगा कि किसी ने गलती से इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया है।”
इसके बाद ऑक्सीजन मास्क नीचे आ गए और कैबिन में तेज गंध फैल गई। एक यात्री का सिर और कंधे खिड़की से बाहर थे। उसने सीट बेल्ट नहीं खोला था। इसके बाद आसपास बैठे लोगों ने उसे पकड़कर वापस अंदर खींच लिया।

ग्रीक मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के इंजन से अलग हुए किसी पुर्जे के टुकड़े की वजह से खिड़की टूट गई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रायनएयर ने बयान जारी कर कहा कि विमान को वापस थेसालोनिकी लौटना पड़ा। विमान ने सामान्य तरीके से लैंडिंग की। सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल पहुंचाया गया।

एयरलाइन ने बताया कि बाकी यात्रियों को मेमिंगेन पहुंचाने के लिए एक दूसरा विमान भेजा गया। घटना की जांच जारी है।