PM मोदी बोले- बिहार का बच्चा रंगदार नहीं बन सकता, राहुल पर निशाना, कहा- कुछ लोग इस चुनाव में…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को सीतामढ़ी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- पहले चरण के मतदान में जंगलराज वालों को 65 बोल्ट का झटका लगा है। चारों तरफ चर्चा है कि बिहार के नौजवानों ने विकास, NDA को चुना है। PM ने कहा- राजद के मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि वे रंगदार बनना चाहते हैं। उनके चुनाव प्रचार के गाने-नारे सुनकर कांप जाएंगे। बिहार का बच्चा अब रंगदार नहीं बन सकता। हमारा बच्चा इंजीनियर बनेगा, डॉक्टर बनेगा, वकील बनेगा। PM ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- एक समय था जब बिहार दूसरे राज्यों से मछली मंगाता था, लेकिन NDA सरकार में बिहार दूसरे राज्यों को मछली भेजने लगा है। अब बड़े-बड़े लोग भी अब यहां की मछली देखने आ रहे हैं। पानी में डुबकी लगा रहे हैं। कुछ लोग बिहार चुनाव में डूबने की प्रैक्टिस कर रहे हैं।

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 18 जिलों के 122 सीटों पर रविवार की शाम 5 बजे प्रचार समाप्त होगा। इन विधानसभा सीटों से 1302 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार में पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर 6 नवंबर को चुनाव संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार 65% मतदान हुआ। 2020 के विधानसभा चुनाव में 57.29 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इस बार सबसे अधिक मुजफ्फरपुर जिले के मतदाताओं ने वोट डाले। मुजफ्फरपुर में 71.41% मतदान हुआ। 2020 के मुकाबले इस बार 13.12% वोटिंग हुई है। सबसे कम 58.40% वोट पटना में पड़े हैं। पिछले चुनाव के मुकाबले महज 6.06 % वोट बढ़ा है। सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत मुंगेर में बढ़ा है। यहां 63.23% मतदान हुआ है, जो पिछले चुनाव से 13.12% ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *