लूला की जीत पर PM मोदी ने दी बधाई, भारत-ब्राजील की दोस्ती और मजबूत करने पर जोर
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने एक बार फिर चुनाव में जीत हासिल की है. उनकी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है. पीएम मोदी ने कहा कि वह भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा और व्यापक बनाने के लिए लूला के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैं भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और गहरा और व्यापक बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हूं. हम साथ मिलकर अलग-अलग क्षेत्रों में अपना सहयोग मजबूत करते रहेंगे, ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगे और ज्यादा समावेशी, समान और टिकाऊ दुनिया बनाने की दिशा में काम करेंगे.”
ब्राजील के चुनाव प्राधिकरण के मुताबिक, लूला ने राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में फ्लावियो बोल्सोनारो को हराया. लूला को 51.79 फीसदी वैध वोट मिले, जबकि फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.21 फीसदी वोट मिले. दोनों के बीच करीब 44 लाख वोटों का अंतर रहा. इस जीत के साथ लूला चौथी बार ब्राजील के राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं. उनका नया कार्यकाल जनवरी 2027 में शुरू होगा.
Heartiest congratulations to my dear friend, President Lula, on his remarkable re-election victory.
I look forward to working closely with him to further deepen and expand the multifaceted India-Brazil Strategic Partnership.
Together, we will continue to strengthen our cooperation across diverse sectors, advance the shared priorities of the Global South and work towards a more inclusive, equitable and sustainable world.
@LulaOficial
— Narendra Modi (@narendramodi) October 26, 2026
चुनाव के बाद फ्लावियो बोल्सोनारो ने नतीजों को स्वीकार करने से इनकार करते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की है. उन्होंने मतदान का समय बढ़ाने के फैसले पर सवाल उठाए. मतदान के दौरान कुछ इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की दिक्कतों और खराब मौसम के कारण वोटिंग का समय बढ़ाया गया था. हालांकि, चुनाव अधिकारियों ने नतीजों की घोषणा कर दी है.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी लूला की जीत का स्वागत किया है. उन्होंने इसे सामाजिक समावेश, आर्थिक न्याय और गरीबी के खिलाफ लड़ाई के लिए अहम बताया. थरूर के मुताबिक, लूला की वापसी ब्राजील के कामकाजी वर्ग और गरीब तबके की आकांक्षाओं को दिखाती है.
थरूर ने कहा कि लूला के नेतृत्व से ब्रिक्स को मजबूती मिल सकती है. उन्होंने इसे ऐसी वैश्विक व्यवस्था की दिशा में अहम बताया, जिसमें दुनिया के अलग-अलग देशों की भूमिका हो और ग्लोबल साउथ की आवाज को जगह मिले. थरूर ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार और टैरिफ को लेकर तनाव के बीच लूला की विदेश नीति और ब्राजील की राष्ट्रीय संप्रभुता पर उनका जोर अहम रहेगा.
लूला ने अपने चुनाव अभियान के दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी दखल के आरोप भी लगाए थे. उन्होंने कहा कि ब्राजील में डिजिटल प्लेटफॉर्म को नियंत्रित करने और ऑनलाइन होने वाले अपराधों को वास्तविक दुनिया के अपराधों की तरह गंभीरता से लेने की जरूरत है.
लूला ने बड़ी टेक कंपनियों के मुनाफे, ब्राजील में उनके कर योगदान और चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की कथित कोशिशों पर भी सवाल उठाए थे. उन्होंने इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म को लेकर डिजिटल दखल के आरोप लगाए थे. उनके बयानों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन अपराधों पर सख्त नियम बनाने की दिशा में उनकी कोशिशों का संकेत मिलता है.
