PM मोदी क्रोएशिया के लिए रवाना, किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कनाडा से क्रोएशिया के लिए रवाना हो चुके हैं। वे बुधवार शाम 2 दिन की यात्रा पर क्रोएशिया पहुंचेंगे। यह PM की 3 देशों में 5 दिन की यात्रा का आखिरी पड़ाव है। पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री क्रोएशिया की यात्रा कर रहा है। इस दौरान PM मोदी क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और राष्ट्रपति जोरोन मिलानोविच से भी मुलाकात करेंगे। यह यात्रा भारत और क्रोएशिया के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ यूरोपीय संघ के देशों के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। पीएम मोदी की यह यात्रा इस बात का संकेत है कि भारत यूरोप के साथ अपने रिश्तों को और आगे बढ़ाना चाहता है। रविवार को शुरू हुए PM के दौरे के पहले दिन वह साइप्रस के दो दिन के दौरे पर पहुंचे थे। PM सोमवार को यहां से G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए कनाडा गए। जहां उन्होंने मंगलवार को सम्मेलन में हिस्सा लिया।

क्रोएशिया ने 25 जून 1991 को आधिकारिक रूप से युगोस्लाविया से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की। इससे पहले, यह देश सोशलिस्ट फेडरल रिपब्लिक ऑफ युगोस्लाविया का हिस्सा था, जिसमें कुल छह गणराज्य शामिल थे। 1990 में क्रोएशिया में बहुदलीय चुनाव हुए और राष्ट्रवादी नेता फ्रांजो तुजमान की पार्टी सत्ता में आई। लोगों में स्वतंत्रता की भावना तेज हुई और जून 1991 में संसद ने स्वतंत्रता की घोषणा कर दी। लेकिन युगोस्लाव सरकार और वहां की सेना ने इसका विरोध किया, जिससे क्रोएशिया युद्ध शुरू हुआ। यह युद्ध करीब चार साल (1991-1995) तक चला, जिसमें हजारों लोग मारे गए और लाखों बेघर हुए। संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ के दबाव और मध्यस्थता से शांति स्थापित हुई। क्रोएशिया को 15 जनवरी 1992 को यूरोपीय देशों द्वारा औपचारिक मान्यता मिली और बाद में संयुक्त राष्ट्र ने भी उसे सदस्यता दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *