दो घंटे के लिए UAE से आया ‘खास दोस्त’, प्रोटोकॉल तोड़ PM ने किया रिसीव

संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान एक दिन की आधिकारिक भारत यात्रा पर आज शाम नई दिल्ली पहुंचे. यूएई के राष्ट्रपति महज कुछ घंटे ही भारत मे व्यतीत करेंगे. बताया गया है कि वह पीएम मोदी के विशेष निमंत्रण पर भारत पहुंचे हैं. आज शाम दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर UAE के राष्ट्रपति का विमान उतरा, जहां पर उनका स्वागत करने के लिए खुद पीएम नरेंद्र मोदी पहुंचे. अब से कुछ समय बाद पीएम मोदी और UAE के राष्ट्रपति के साथ कई मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके बाद वह अपने देश लौट जाएंगे.

सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और उनके परिवार का लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर स्वागत किया. पीएम मोदी ने UAE के राष्ट्रपति को एक रॉयल नक्काशीदार लकड़ी का झूला गिफ्ट किया. यह खास तोहफा हाथ से बनाया गया है और इसमें फूलों और पारंपरिक डिज़ाइन की बारीक़ नक्काशी की गई है. गुजराती संस्कृति में, झूला पीढ़ियों के बीच एकजुटता, बातचीत और जुड़ाव का प्रतीक है. यह तोहफा UAE द्वारा 2026 को परिवार वर्ष घोषित करने के साथ भी गहराई से जुड़ा हुआ है. यूएई के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद अल नाहयान की ये तीसरी भारत यात्रा है. वहीं, अगर पिछले एक दशक में नजर डालें, तो उन्होंने भारत की करीब पांच बार यात्रा की है. माना जा रहा है कि सोमवार को हो रही यूएई के राष्ट्रपति की ये यात्रा हाल में हुए उच्च स्तरीय आदान-प्रदान से मिली मजबूत गति पर ही आधारित है. पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूएई के राष्ट्रपति के साथ कुछ तस्वीरों को भी साझा किया है.

पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि मैं अपने भाई, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट गया. उनकी यह यात्रा भारत और UAE के बीच दोस्ती के मजबूत रिश्तों को जो महत्व वह देते हैं, उसे दिखाती है. मैं हमारी बातचीत का इंतजार कर रहा हूं. जानना चाहिए कि पीएम मोदी ने न केवल एयरपोर्ट पर यूएई के राष्ट्रपति का स्वागत किया, बल्कि दोनों नेता एक साथ एक कार में बैठकर वहां से रवाना हुए. इस तस्वीर ने पीएम मोदी की कार डिप्लोमेसी को दुनिया के सामने रखा है. रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि ये यात्रा भले ही कुछ समय के लिए हो रही हो, लेकिन पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति के बीच होने वाली ये मुलाकात कई मायनों में खास है. माना जा रहा है कि इस यात्रा का एजेंडा काफी बड़ा है. दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठक के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग से जुड़े मसलों पर बात हो सकती है. वहीं, मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा होने की प्रबल संभावना है.

यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का भारत दौरा ऐसे समय पर हो रहा है, जब पश्चिम एशिया में लगातार तनाव बढ़ रहा है. इसमें ईरान और अमेरिका के बीच तनाव, गाजा में जार अस्थिरता और सऊदी अरब और UAE से जुड़े यमन में संघर्ष शामिल है. अधिकारियों का मानना है कि दोनों देशों के बीच बातचीत के दौरान क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा होने की संभावना है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed