CG : गुंडागर्दी करने वालों का पुलिस ने निकाला जुलूस, बाइक टकराने के विवाद पर किया था जानलेवा हमला

छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में बाइक टकराने के विवाद में गुंडागर्दी करते हुए बेल्ट, लाठी-डंडे और हथियार से जानलेवा हमला करने वाले दो नाबालिग समेत 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने उनका जुलूस निकाला, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस हमले में घायल दो युवक सिम्स में भर्ती हैं। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। चौकसे कॉलेज के फार्मेसी के छात्र प्रभाकर मार्शल अपने गांव पचपेड़ी गया था। इस दौरान रविवार को उनकी बड़ी मां के दशगात्र का कार्यक्रम था। प्रभाकर मार्शल, निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रहे बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। जिससे तीनों बाइक से गिर गए। जब पीड़ितों ने बादल को बाइक धीरे चलाने को कहा तो वह भड़क गया और गालियां देते हुए अपने बेल्ट से पीड़ितों की पिटाई शुरू कर दी।

विवाद बढ़ता देख बादल ने अपने दोस्तों और परिवार के लोगों को बुला लिया। जिसके बाद सभी ने मिलकर लाठी-डंडों, ईंट के टुकड़ों और पेचकस जैसी नुकीली चीजों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई है। वहीं, बीच-बचाव करने आए निमेश राय को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके सिर, कान, होंठ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

इस मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने बदमाशों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने पहले पीड़ित की रिपोर्ट पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन घायल की स्थिति बिगड़ने और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़कर कार्रवाई की।