CG : मरवाही में दिखा दुर्लभ सफेद भालू, स्लॉथ बियर ने किया हमला, पेंड्रा में दहशत

छत्‍तीसगढ़ के मरवाही एक बार फिर अपने दुर्लभ सफेद स्लॉथ बियर को लेकर चर्चा में है. रविवार को आमा डांड और बसंतपुर के बीच एक वयस्क सफेद भालू दिखाई दिया. जानकारी के अनुसार जंगल की ओर गए कुछ ग्रामीणों का अचानक भालू से सामना हो गया. इस दौरान भालू ने हमला कर दिया, जिसमें आमा डांड के एक अधेड़ ग्रामीण घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर और मशक्कत कर भालू को वापस जंगल की ओर खदेड़ा. घायल ग्रामीण को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. सफेद स्लॉथ बियर दिखाई देने की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. कई लोगों ने दूर से भालू का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और लोगों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी. अधिकारियों ने कहा कि यह दुर्लभ प्रजाति का भालू है और उसके आसपास भीड़ लगाना खतरनाक हो सकता है. मरवाही क्षेत्र पहले भी सफेद भालुओं की वजह से राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रह चुका है. वन विभाग लगातार इन दुर्लभ वन्यजीवों की निगरानी कर रहा है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है.