यहां गरीब खाते हैं काजू-किशमिश, अमीरों की थाली में सिर्फ हरी सब्जियां

भारत में आमतौर पर अमीर लोग काजू, किशमिश, बादाम जैसे ड्राई फ्रूट्स खाते दिखते हैं, जबकि गरीब लोग हरी सब्जियां खाते हैं. लेकिन ऑस्ट्रेलिया में बिल्कुल उलटा नजारा है. वहां हरी सब्जियां ड्राई फ्रूट्स से भी महंगी हो गई हैं. खासकर हरी मिर्च की कीमत देखकर भारतीय हैरान रह जाते हैं.
एक भारतीय महिला ने ऑस्ट्रेलिया के सुपरमार्केट से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है. वीडियो में वह हरी मिर्च, शिमला मिर्च, ब्रोकोली जैसी सब्जियों की कीमतें दिखा रही है. साथ ही काजू, किशमिश और अन्य ड्राई फ्रूट्स की कीमतों की तुलना भी की है. वीडियो देखकर भारतीयों के होश उड़ गए हैं.

महिला ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में 250 ग्राम हरी मिर्च की कीमत 6-8 ऑस्ट्रेलियन डॉलर (करीब 330-440 रुपये) तक है. वहीं 500 ग्राम काजू या किशमिश सस्ते में मिल जाते हैं. ब्रोकोली, पालक, धनिया जैसी हरी सब्जियां भी काफी महंगी हैं. वहीं ड्राई फ्रूट्स अपेक्षाकृत सस्ते हैं. महिला ने कैमरे पर कहा, “यहां गरीब लोग ड्राई फ्रूट्स खाकर काम चला लेते हैं क्योंकि हरी सब्जियां उनकी पहुंच से बाहर हैं. अमीर लोग ही महंगी हरी सब्जियां और सलाद खा सकते हैं.”

ऑस्ट्रेलिया में सब्जियों की महंगाई के कई कारण हैं. देश का बड़ा हिस्सा रेगिस्तानी और शुष्क क्षेत्र है, जहां खेती मुश्किल है. ऐसे में ज्यादातर सब्जियां आयात की जाती हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट और कोल्ड स्टोरेज का खर्च बढ़ जाता है. साथ ही मजदूरी की दर बहुत ऊंची होने से उत्पादन लागत बढ़ जाती है. मौसम की अनियमितता और प्राकृतिक आपदाएं भी सब्जी उत्पादन प्रभावित करती है. हाल के सालों में बाढ़ और आग की घटनाओं ने खेती को नुकसान पहुंचाया है.