सबसे अनोखी शराब, जिसमें बोतल के अंदर ही पड़ा रहता है सांप, पीने से दूर हो जाती हैं कई बीमारियां
दुनिया में खाने-पीने की ऐसी कई चीजें हैं, जिनके बारे में सुनकर ही लोगों को हैरानी होने लगती है. कहीं लोग कीड़े खाते हैं, तो कहीं जिंदा ऑक्टोपस परोसा जाता है. लेकिन कुछ चीजें ऐसी भी हैं, जिनके बारे में जानकर डर और हैरानी दोनों महसूस होते हैं. ऐसी ही एक अजीब ड्रिंक है “स्नेक वाइन”(Snake Wine), जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर काफी होती है. इस शराब की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसकी बोतल के अंदर पूरा सांप पड़ा होता है. कई बार सांप को बोतल में जिंदा डाला जाता है और फिर उसके ऊपर शराब भर दी जाती है. यही वजह है कि इसे दुनिया की सबसे खतरनाक और अजीब शराबों में गिना जाता है.
नाम से ही साफ है कि स्नेक वाइन यानी सांप से बनाई जाने वाली शराब. आमतौर पर वाइन अंगूर या फलों से तैयार की जाती है, लेकिन स्नेक वाइन में जहरीले सांपों का इस्तेमाल किया जाता है. स्नेक वाइन सबसे ज्यादा चीन में बनाई जाती है. चीनी भाषा में इसे “पिनयिन” और वियतनामी भाषा में “खमेर” कहा जाता है. माना जाता है कि इस खास शराब को पहली बार पश्चिमी झोउ वंश के दौरान तैयार किया गया था. इसके बाद धीरे-धीरे यह चीन में काफी लोकप्रिय हो गई. इस शराब का इस्तेमाल मुख्य रूप से पारंपरिक चिकित्सा में किया जाता है. चीन के अलावा स्नेक वाइन दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों में भी बनाई और पी जाती है. उत्तर कोरिया, लाओस, थाईलैंड, वियतनाम, जापान के ओकिनावा क्षेत्र और कंबोडिया में भी यह काफी ज्यादा लोकप्रिय है.
स्नेक वाइन बनाने के लिए जिंदा या मरे हुए सांप को एक कांच की बोतल या जार में रखा जाता है. इसके बाद उसमें चावल, गेहूं या दूसरे अनाज से बनी शराब डालकर कई महीनों तक किण्वन (Fermentation) के लिए छोड़ दिया जाता है. कुछ जगहों पर इसमेंफॉर्मेल्डिहाइड (Formaldehyde) जैसे केमिकल भी मिलाए जाते हैं, ताकि सांप लंबे समय तक सुरक्षित रह सके. वियतनाम और कुछ एशियाई देशों में सांप को ताकत, गर्मी और मर्दानगी का प्रतीक माना जाता है. यही वजह है कि वहां स्नेक वाइन काफी लोकप्रिय है.
कहा जाता है कि स्नेक वाइन का इस्तेमाल पारंपरिक चिकित्सा में कई तरह की समस्याओं के लिए किया जाता है. कुछ लोग मानते हैं कि यह कुष्ठ रोग, अत्यधिक पसीना आना, बाल झड़ना, शुष्क त्वचा जैसी परेशानियों में फायदेमंद हो सकती है. यही वजह है कि कई एशियाई देशों में इसे एक तरह के टॉनिक के रूप में देखा जाता है.कई लोग इसे पारंपरिक दवा और शरीर की ताकत बढ़ाने वाले पेय के रूप में भी इस्तेमाल करते हैं। चीन, जापान और ताइवान जैसे देशों में सड़क किनारे लगे स्टॉल और छोटी दुकानों पर भी स्नेक वाइन आसानी से देखने को मिल जाती है.
अगर स्नेक वाइन सही तरीके और भरोसेमंद जगह से बनाई गई हो, तो कुछ लोग इसे सुरक्षित मानते हैं. लेकिन इसके बावजूद इसमें खतरा बना रहता है. कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं, जब बोतल के अंदर मौजूद सांप पूरी तरह मरा नहीं होता. साल 2013 में एक महिला के साथ ऐसा हादसा हुआ था. जैसे ही उसने स्नेक वाइन की बोतल खोली, अंदर मौजूद सांप ने उसे काट लिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ सांप कई महीनों तक बिना खाना-पानी के भी जिंदा रह सकते हैं. यही वजह है कि स्नेक वाइन को बेहद सावधानी से संभालने की सलाह दी जाती है.
