बंगाल में चुनाव बाद हिंसा, सुरक्षाबलों पर फायरिंग, 5 घायल, 24 घंटों में 4 हत्याएं, इनमें भाजपा-TMC के 2-2 कार्यकर्ता
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हो गई हैं। नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जगहों पर 4 लोगों की हत्या कर दी हई। इनमें भाजपा और TMC के 2-2 कार्यकर्ता हैं। भाजपा ने उत्तर 24 परगना के न्यू टाउन और हावड़ा के उदय नारायणपुर में अपने दो कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप TMC पर लगाया है। TMC ने भी आरोप लगाया है कि कोलकाता के बेलेघाटा और बीरभूम के नानूर में उसके दो पार्टी सदस्यों की हत्या कर दी गई।
कोलकाता के न्यू मार्केट में भीड़ ने TMC के पार्टी ऑफिस को बुलडोजर से गिरा दिया। उपद्रवियों ने आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया। TMC ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए X पर लिखा- भाजपा का ‘परिवर्तन’ आ चुका है और वह बुलडोजर लेकर आया है।
