वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की मुलाकात, कप्तान हरमनप्रीत ने भेंट की जर्सी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की है आज गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्व कप विजेता टीम से मुलाकात की और उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी. राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर लिखा गया, ‘आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की. राष्ट्रपति ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने इतिहास रचा है और वे नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बन गई हैं. उन्होंने कहा कि यह टीम भारत का प्रतिबिंब है. ये अलग-अलग क्षेत्रों, सामाजिक पृष्ठभूमियों और परिस्थितियों से आती हैं, लेकिन ये एक टीम हैं-टीम इंडिया.’
Members of the Indian Women Cricket team, winner of the ICC Women’s Cricket World Cup 2025 called on President Droupadi Murmu at Rashtrapati Bhavan. The President congratulated the team and said that they have created history and have become role models for younger generation.… pic.twitter.com/lHBBXRcPh5
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 6, 2025
मुलाकात के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने राष्ट्रपति को भारतीय टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे. भारत की वुमन इन ब्लू ने रविवार रात नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला आईसीसी खिताब जीता था.
बुधवार शाम, हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की थी. सम्मान समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने औपचारिक पोशाक में सजी और गले में विजेता पदक पहने खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और टूर्नामेंट के लीग चरण में लगातार तीन हारों के बाद शानदार वापसी करने के लिए उनकी तारीफ की.
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ से समूह वार्ता भी की, जहां टीम ने उन्हें अपने हस्ताक्षर वाली भारतीय टीम जर्सी भेंट की.
