राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की प्रेमानंद से मुलाकात, महाराज को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के दूसरे दिन आज शुक्रवार को विख्यात संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनके साथ आध्यात्मिक चर्चा भी की. अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति आज ही वृंदावन में बाबा नीम करोली की समाधि पर भी जाएंगी और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी. साथ ही वह वृंदावन में उड़िया बाबा आश्रम और देवनाल कुंड भी जाएंगी. राष्ट्रपति मुर्मू कल गुरुवार (19 मार्च) से उत्तर प्रदेश के 3 दिन दौरे पर हैं. वह गुरुवार को अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद मथुरा पहुंचीं, जहां उन्होंने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल भी हुईं. राष्ट्रपति ने आज सुबह कई आध्यात्मिक कार्यक्रमों से दिन की शुरुआत की.

राष्ट्रपति मुर्मू मथुरा में वृंदावन धाम के राधा केली कुंज स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं. अधिकारियों ने बताया कि मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने संत के प्रवचन भी सुने. यह हफ्ता इसलिए भी खास है क्योंकि कल गुरुवार को संत प्रेमानंद महाराज का जन्मदिन भी था. श्री हित राधा केली कुंज में राष्ट्रपति ने प्रेमानंज महाराज से आध्यात्मिक मामलों पर चर्चा की और उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम भी किया. संत प्रेमानंद ने हर्षित मुद्रा में राधे-राधे कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया. मुलाकात के दौरान मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई भी दी. राष्ट्रपति मुर्मू आज ही रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (धर्मार्थ अस्पताल) के नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी, साथ ही वात्सल्य ग्राम का दौरा भी करेंगी. वह अगले दिन शनिवार को गोवर्धन में दंघाटी मंदिर में दर्शन-पूजन और आरती में शामिल होंगी. वह गोवर्धन की परिक्रमा भी करेंगी.

इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू कल गुरुवार शाम मथुरा स्थित कैंट हेलीपैड पहुंचीं जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ-साथ प्रदेश के कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने वृंदावन में इस्कॉन मंदिर में दर्शन किया और आरती में हिस्सा भी लिया.

इस्कॉन में नाम संकीर्तन पाठ के दौरान राष्ट्रपति का स्वागत किया गया. इस्कॉन मंदिर के मीडिया प्रभारी पवन दूबे ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने स्वामी प्रभुपाद की समाधि पर श्रद्धांजलि दी और फिर वह आरती में भी शामिल हुईं. राष्ट्रपति ने इस्कॉन के गौर नितई, कृष्ण बलराम और श्याम सुंदर मंदिर में भी पूजा की और वहां आरती की. वह कई विदेशियों के साथ महिला श्रद्धालुओं द्वारा प्रस्तुत एक कार्यक्रम में भी शामिल हुईं.

मथुरा में पहले दिन राष्ट्रपति ने गुरुकुल के बच्चों को टॉफियां और चॉकलेट दिए और उनसे कुछ देर तक बातचीत भी की. पवन दूबे ने बताया कि भारी बारिश की वजह से गौ पूजन का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया.

इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू कल अयोध्या में राम मंदिर गई थीं, जहां उन्होंने कई विशेष धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और 150 किलोग्राम की स्वर्ण परत चढ़ा श्रीराम यंत्र भी स्थापित किया था.