गर्लफ्रेंड से झगड़ा, बॉयफ्रेंड थार लेकर कॉलोनी में घुसा… भोपाल में गेट तोड़ा, कारों को रौंदा
भोपाल में गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद एक युवक ने कॉलोनी में जमकर हंगामा किया। मंगलवार रात युवक रेंट पर थार लेकर मिसरोद थाना क्षेत्र की फारच्यून हेरीटेज कॉलोनी में पहुंचा। उसने कॉलोनी के गेट को तोड़कर अंदर घुसते हुए सड़क पर खड़ी कई कारों को टक्कर मार दी। घटना में करीब 6 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
घटना मंगलवार रात करीब 10.30 बजे की है। बुधवार शाम घटना का CCTV फुटेज सामने आया। इसमें थार तेज रफ्तार में कॉलोनी की सड़क पर दौड़ती और वाहनों को टक्कर मारती नजर आ रही है। थार को बेकाबू देखकर सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग समय रहते हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। CCTV और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारी। सुरक्षा गार्ड्स ने कॉलोनी का गेट बंद करने की कोशिश की, लेकिन युवक थार से गेट तोड़ते हुए अंदर दाखिल हो गया। घटना के दौरान लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि युवक का अपनी गर्लफ्रेंड से विवाद हुआ था। लोगों ने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद वह रेंट पर थार लेकर कॉलोनी पहुंचा और गुस्से में वाहन चलाते हुए सड़क पर खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारना शुरू कर दिया।
घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि आरोपी ने जिस तरह वाहन चलाया, उससे लोगों की जान को भी खतरा था। कॉलोनी निवासी कमल सिंह सोलंकी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की है। मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार के मुताबिक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तारी के लिए नोटिस जारी करेगी।
रहवासियों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद आरोपी के खिलाफ साधारण धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर घटना की जांच कर रही है। साथ ही थार कहां से किराए पर ली गई थी और क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन भी किया जा रहा है।
