राहुल गांधी ने पीएम, गृहमंत्री को कह दिया गद्दार, बिगड़े बोल पर बीजेपी का जवाब-अर्बन नक्सली हैं कांग्रेस नेता

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विवादित बयान दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को ‘गद्दार’ कहा है. उन्होंने RSS पर भी निशाना साधा है. राहुल गांधी ने तगा कि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है. सरकार आपको नहीं बचा पाएगा. बीजेपी ने भी राहुल के बयान पर पलटवार किया है. बीजेपी ने उन्हें ‘अर्बन नक्सली’ बताया. अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है. अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी. वे आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है. मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने संविधान खत्म किया है.

उन्होंने कहा कि देश जल्द आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है और इसका सबसे अधिक असर आम जनता पर पड़ेगा. सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान टकराव के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हुआ है. उन्होंने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट प्रभावित होने से तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होगी, जिससे आने वाले समय में महंगाई बढ़ सकती है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल, गैस और रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होने वाली हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं से दूर है.

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा है कि राहुल गांधी ने 140 करोड़ देशवासियों को गद्दार कहा है. राहुल का बयान पाकिस्तान जैसी है. राहुल गांधी का रिमोट कंट्रोल देश विरोधी तत्वों के हाथों में है. कांग्रेस नेता हर वक्त देशविरोधी बातें करते हैं. राहुल गांधी की भाषा माओवादी, मुस्लिम लीग और अर्बन नक्सल जैसी है.

बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने उन्हें आदतन अपराधी करार दिया. त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी आदतन अपराधी हैं. वो कई बार कोर्ट से फटकार पा चुके हैं. राहुल गांधी का अपनी भाषा पर नियंत्रण नहीं है और वो मानसिक संतुलन खो बैठे हैं. उन्होंने जो बयान दिया है इसका खामियाजा पूरी कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ेगा.