मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी फिर भी…’ कांग्रेस प्रोटेस्ट में युवक की पिटाई!

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज फिर विपक्षी सांसद सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। दिल्ली के कनॉट प्लेस में कांग्रेस नेतृत्व में विपक्षी सांसदों का लंच रखा गया है। हालांकि, इस कार्यक्रम से पहले ही राष्ट्रीय राजधानी में बड़ा हंगामा देखने को मिला, जब एक कश्मीरी युवक ने दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर दी। उसने मोदी सरकार के समर्थन में आवाज बुलंद की और राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़ा हंगामा हो गया जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस शख्स के साथ मारपीट की।

पूरा घटनाक्रम दिल्ली के कनॉट प्लेस में सामने आया है, जहां कांग्रेस ने विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया है। इसी दौरान एक शख्स वहां पहुंचा और मोदी सरकार की तारीफ करने लगा। इस दौरान उस पर राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी के भी आरोप लगे। जिसके बाद भड़के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी मुस्लिम युवक की पिटाई कर दी।

जिस शख्स के साथ मारपीट हुई उसकी पहचान फहीम नजीर के रूप में हुई है, उसने बताया कि वो श्रीनगर का रहने वाला है। उसने खुद मीडिया के सामने एक पोस्टर लहराते हुए मोदी सरकार के समर्थन में नारे लगाए। साथ ही सीजेपी और विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन पर सवाल उठाए। बताया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता जब प्रदर्शन कर रहे थे, तभी वह शख्स राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। कहने लगा कि देश को राहुल गांधी भ्रमित कर रहे हैं और बांग्लादेश बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेता आज फिर से दिल्ली के एक रेस्तरां में दोपहर के भोज पर मिलने वाले थे। इसके बाद निर्वाचन आयोग मामले में प्रदर्शन की संभावना थी। सूत्रों ने बताया कि विपक्षी सांसद और नेता दोपहर करीब एक बजकर 45 मिनट पर कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्तरां में दोपहर का भोज करेंगे।सूत्रों के अनुसार, इस दौरान विपक्षी दलों के सांसदों के बीच निर्वाचन आयोग मामले में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।