रायपुर-जशपुर समेत 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कांकेर-सुकमा में 50 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी

मौसम विभाग ने आज मंगलवार को छत्तीसगढ़ के 22 जिलों के लिए आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रायपुर, जशपुर, कांकेर, सुकमा जैसे जिले शामिल हैं। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, बिजली गिरने की संभावना है और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने से तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और उमस बढ़ेगी। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान बिलासपुर में 39.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। सिनॉप्टिक सिस्टम में बदलाव के कारण मानसून की गति धीमी हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। केवल कुछ गिने-चुने क्षेत्रों में ही हल्की बारिश हो सकती है। इस बार मानसून समय से पहले 24 मई को केरल पहुंच गया था। मई महीने में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य सिस्टम के कारण अधिकांश जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 29 में से केवल 4 जिलों में औसत से कम बारिश हुई है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का डेटा अब तक नहीं आया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed