‘रात में महिलाओं से अश्लील बातें’, की शर्मनाक हरकतें, रायपुर शहर काजी पर हुआ एक्शन
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की तरफ से रायपुर शहर काजी आरिफ अली फारूखी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है और उन्हें पद से हटाया गया है. उन पर महिलाओं से रात में अश्लील बातें करने की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है. अब इस पर छत्तीसगढ़ राज्य के वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज का भी बयान सामने आया है, जो दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री भी हैं. मिली जानकारी के मुताबिक कई महिलाओं ने शहर काजी आरिफ अली फारूखी पर देर रात आपत्तिजनक और अश्लील बातचीत करने का आरोप लगाया था. इस संबंध में शिकायत छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के पास भी पहुंची और अब शिकायत पर एक्शन लिया गया है.छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर सलीम राज ने कहा कि शहर काजी ने मुस्लिम समाज को शर्मसार कर दिया. महिलाओं को भटकाना, उनसे अश्लील बातें करना. कई घर तुड़वाना, हलाला जैसे मामले की बात आई है. उसके खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही हैं. वह महिलाओं को धमकी देता है कि मैं तलाक करवाऊंगा और बाद में हलाला के लिए आपको मेरे पास आना पड़ेगा. इस तरह उन्होंने हरकते कीं.
उन्होंने कहा कि रायपुर शहर के मौलाना और इमाम लोगों ने एक बैठक की, जिसमें तय किया गया कि इनको पद मुक्त किया जाए. इनके कारण मुस्लिम समाज बदनाम हो रहा है. इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने उनको पद से हटा दिया. उनके ऊपर जो भी कानूनी कार्रवाई है. वह करेंगे. जांच के बाद शहर काजी के खिलाफ शिकायतें सही पाई गई हैं.
अब मामला सामने आने के बाद इसकी हर तरफ खूब चर्चा हो रही है. राज्य वक्फ बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है और किसी भी तरह की अनुचित हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
