रायपुर में 20 लीटर गुपचुप पानी में हरा रंग मिला, 27 चाट-गुपचुप सेंटरों की जांच, सैंपल लिए गए

खाद्य-औषधि विभाग की ओर से ‘सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत होते ही राजधानी में कार्रवाई तेज हो गई है। अभियान के पहले ही दिन गुपचुप में इस्तेमाल हो रहे रंगयुक्त पानी का बड़ा मामला सामने आया, जिस पर विभाग ने तुरंत सख्ती दिखाई। जांच के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित चाट और गुपचुप ठेलों की पड़ताल की गई। निरीक्षण में पाया गया कि कई जगहों पर गुपचुप में उपयोग किया जा रहा पानी कृत्रिम रंग से तैयार किया गया था, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने मौके पर ही करीब 20 लीटर रंगीन गुपचुप पानी नष्ट कराया।

अभियान के तहत कुल 27 गुपचुप और चाट सेंटरों का निरीक्षण किया गया। साथ ही समोसा, चाट और दही बड़ा के नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा एक्सपायरी ब्रेड भी जब्त कर करीब 2 किलो सामग्री को मौके पर ही नष्ट किया गया। अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। खाद्य-औषधि प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान 11 मई तक लगातार जारी रहेगा। मिलावटी खाद्य पदार्थों और नकली दवाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ आम लोगों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि सुरक्षित और शुद्ध खानपान सुनिश्चित हो सके।