राजस्थान में 108 साल बाद सबसे ज्यादा बारिश, हिमाचल में तापमान -1.2 डिग्री
राजस्थान में 108 सालों के बाद 2025 में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। राज्य में जुलाई से सितंबर तक, 715.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले साल 1917 में मानसून सीजन के दौरान सबसे ज्यादा 844.2 बारिश हुई थी। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश ने अक्टूबर महीने में नए रिकॉर्ड बनाए। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हिमाचल में इस साल अक्टूबर में 2005 के बाद सबसे ज्यादा बारिश, 68.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य औसत 25.1 मिमी से 173% ज्यादा है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, हिमाचल में 4 नवंबर और 5 नवंबर को बारिश या बर्फबारी की संभावना है। राज्य के ताबो और कुकुमसेरी में तापमान माइनस में चला गया है। शनिवार को कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री और ताबो का माइनस 0.8 डिग्री दर्ज हुई। IMD के महानिदेशक ने शुक्रवार को दिल्ली में एक ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस साल देशभर में कड़ाके की सर्दी देर से आ सकती है। नवंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा या सामान्य बारिश हो सकती है। ला नीना प्रभाव में देरी इसकी मुख्य वजह है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय हिस्से में कमजोर ला नीना की स्थिति बनी हुई है। यह स्थिति दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक बनी रह सकती है। ला नीना प्रभाव में समुद्र का पानी सामान्य से ठंडा होता है। IMD के अनुसार, नवंबर महीने में देश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जबकि रातें सामान्य से गर्म महसूस होंगी। हालांकि, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, हिमालय की तलहटी, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है।
