राजकुमार गोयल बने मुख्य सूचना आयुक्त, सोमवार को ली शपथ
सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी राज कुमार गोयल ने सोमवार को केंद्रीय सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त (सीआइसी) के रूप में शपथ ली। उन्होंने सीआइसी के रूप में हीरालाल सामरिया का स्थान लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति ने पिछले हफ्ते सीआइसी के रूप में गोयल के नाम की सिफारिश की थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे। राष्ट्रपति के एक्स हैंडल से कहा गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार गोयल को पद की शपथ दिलाई।
गोयल 1990 बैच के सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी हैं और कानून एवं न्याय मंत्रालय के तहत न्याय विभाग में सचिव के पद से 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने गृह मंत्रालय के तहत सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी काम किया है। राष्ट्रपति मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिश पर करती हैं।
समिति के दो अन्य सदस्य – लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री होते हैं। केंद्रीय सूचना आयोग में प्रमुख नियुक्तियों को अंतिम रूप देने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ लगभग दो घंटे तक बंद कमरे में बैठक की थी। इस दौरान मुख्य सूचना आयुक्त, आठ सूचना आयुक्तों और केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) में सतर्कता आयुक्त के चयन पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना आयुक्त चुने गए लोगों में रेलवे बोर्ड के पूर्व प्रमुख जया वर्मा सिन्हा, इंटेलिजेंस ब्यूरो, गृह मंत्रालय और कैबिनेट सचिवालय में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके पूर्व आईपीएस स्वागतम दास, केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) में अधिकारी रहे संजीव कुमार जिंदल, पूर्व आइएएस सुरेंद्र सिंह मीना और भारतीय वन सेवा के पूर्व अधिकारी खुशवंत सिंह सेठी शामिल हैं।
