राज्यसभा की कार्यवाही शुरू, अमित शाह ने वंदे मातरम् पर चर्चा शुरू की
राज्यसभा में आज मंगलवार सुबह 11 बजे से कार्यवाही शुरू हो गई है। सदन में आज राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने पर खास चर्चा होगी। इसकी शुरूआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा भी अपना पक्ष रखेंगे। इससे पहले सोमवार को लोकसभा में वंदेमातरम् के 150 साल पूरे होने पर चर्चा की गई। इसकी शुरूआत प्रधानमंत्री मोदी ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुस्लिम लीग के डर से कांग्रेस ने वंदे भारत का अपमान किया। वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भाजपा पर राष्ट्रगीत को न अपनाने का आरोप लगाया।
दरअसल राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने के मौके पर भारत सरकार की ओर से सालभर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 2 दिसंबर को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सभी दलों के प्रतिनिधियों की मीटिंग बुलाई थी। इसमें तय किया गया था कि वंदे मातरम को लेकर 8 दिसंबर को लोकसभा और 9 दिसंबर को राज्यसभा में चर्चा होगी। राज्य सभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वंदे मातरम् पर चर्चा शुरू की है। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘वंदे मातरम् के यशोगान के लिए चर्चा के लिए हम यहां आए है। चर्चा के जरिए हमारे देश के किशोर, युवा, आने वाली पीढ़ियों तक वंदे मातरम् का योगदान पता चले। हम सब सौभाग्यशाली है कि हमें एतिहासिक पल के साक्षी बन रहे हैं। इस महान सदन में वंदे मातरम् पर चर्चा हो रही है तब कल कुछ सदस्यों ने लोकसभा में सवाल किया था इस चर्चा की जरूरत क्या है। चर्चा की जरूरत वंदे मातरम् के प्रति समर्पण के प्रति जरूरत जब यह बना तब भी थी और अब भी है।’
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- ‘सही है कि वंदे मातरम् के रचनाकार बंकिम बाबू बंगाल में पैदा हुए, बंगाल में गीत की रचना हुई। आनंदमठ में समाहित हुआ, उसका बैकग्राउंड भी बंगाल था, लेकिन यह सिर्फ बंगाल तक या देश तक सीमित नहीं रहा। दुनिया भर में जहां तक आजादी के दीवाने थे, उन्होंने इसका गुणगान किया। जब सरहद पर एक जवान अपने प्राण त्यागता है, तो उसकी जुबान पर वंदे मातरम् होता है।’
