रणवीर सिंह को डॉन 3 छोड़ना पड़ा महंगा! FWICE ने लगाया इंडस्ट्री में बैन
बॉलीवुड के उभरते सितारे माने जाने वाले रणवीर सिंह के खिलाफ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉई (FWICE) ने एक बड़ा कदम उठाया है. एक्टर पर FWICE ने बैन लगा दिया है. उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया गया है. पूरी इंडस्ट्री को बोल दिया गया है कि अब रणवीर के साथ काम ना किया जाए. माना जा रहा है कि ये फैसला फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 शूटिंग से कुछ दिन पहले अचानक छोड़ने की वजह से लिया गया है.
FWICE फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच चल रहे डॉन 3 विवाद को लेकर मध्यस्थता के लिए शामिल हुई थी. रिपोर्ट अनुसार, फेडरेशन के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने इस मामले को काफी गंभीर बताया और एक्टर्स के बदलते ट्रेंड पर चिंता जताई थी, जो फिल्म शूटिंग शुरू होने से कुछ दिनों पहले छोड़कर चले जाते हैं. अशोक पंडित ने साफ किया था कि वो इस मामले में एक मीटिंग करेंगे, और फिर कोई फैसला लेंगे.
डॉन 3 फिल्म पहले से ही काफी देरी का सामना कर रही थी और अपनी बड़ी-बड़ी सितारों वाली कास्टिंग की वजह से लोगों में खूब चर्चा में है. पहले बताया गया था कि FWICE के प्रेजिडेंट बीएन तिवारी, चीफ एडवाइजर अशोक पंडित, चीफ सेक्रेटरी अशोक दुबे और ट्रेजरर गंगेश्वरलाल श्रीवास्तव एक जरूरी इंटरनल मीटिंग में शामिल होने वाले थे. मीटिंग के बाद फेडरेशन के फैसले की घोषणा करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होने की उम्मीद थी.
फिल्म डॉन 3 पिछले कई सालों से अलग-अलग वजहों से टल रही है. रणवीर के अलावा इस फिल्म को पहले कियारा आडवाणी ने छोड़ा था. उन्होंने प्रेग्नेंसी के कारण इस प्रोजेक्ट के किनारा किया. फिर खबर आई कि विक्रांत मैसी, जो मेन विलेन बनने वाले थे वो भी फरहान की फिल्म छोड़कर चले गए. लेकिन ये विवाद तभी बढ़ा, जब रणवीर ने फिल्म छोड़ी. धुरंधर जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद एक्टर ने फिल्म डॉन 3 अचानक छोड़ी, जिससे मेकर्स का नुकसान हुआ.
फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी ने दावे किए कि रणवीर ने प्रोजेक्ट शूटिंग से 10 दिन पहले छोड़ा. इससे उन्हें फाइनेंशियली काफी नुकसान हुआ. लेकिन रणवीर ने कहा कि फरहान अख्तर की तरफ से काफी देरी हो रही थी. साथ ही वो स्क्रिप्ट से भी खुश नहीं थे. फरहान अख्तर ने रणवीर से 40 करोड़ रुपये के नुकसान भरपाई की मांग की थी, जिसे एक्टर ने फिलहाल अभी तक नहीं भरा है. अब देखना है कि रणवीर इंडस्ट्री में बैन होने के बाद क्या नया कदम उठाते हैं.
FWICE के फैसले पर रणवीर सिंह के प्रवक्ता ने एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा है- रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और डॉन फ्रैंचाइजी से जुड़े हर व्यक्ति का बहुत सम्मान करते हैं. डॉन 3 को लेकर जो हालिया घटनाएं हुई हैं, उसपर उन्होंने पूरी तरह चुप रहने का फैसला किया है. उनका मानना है कि प्रोफेशनल बातें हमेशा इज्जत, परिपक्वता और एक-दूसरे का सम्मान करते हुए ही सुलझानी चाहिए.
‘समय-समय पर कई तरह की अफवाहें और कहानियां सामने आई हैं, लेकिन रणवीर ने कभी भी पब्लिकली जवाब देने या इन अफवाहों में शामिल होने की जरूरत नहीं समझी. उनका पूरा ध्यान अपने काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर है. वो डॉन फ्रेंचायजी से जुड़े सभी लोगों का गहरा सम्मान और सद्भावना रखते हैं और पूरी ईमानदारी से चाहते हैं कि ये सीरीज आगे भी सफल हो. ऐसे मौकों पर चुप रहना और शांति से व्यवहार करना हमेशा से उनका अपना फैसला रहा है, और वो आगे भी इसी रवैये पर बने रहेंगे.’
