व्हाइट हाउस के पास तड़ातड़ चली गोलियां, पांच को शूट किया फिर आरोपी ने खुद को मार ली गोली

व्हाइट हाउस से महज कुछ ही दूरी पर स्थित एक बेहद पॉश इलाके में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी. हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए कुल पांच लोगों को निशाना बनाया, जिसमें एक शख्स की दर्दनाक मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद जब पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया, तो आरोपी ने एक अपार्टमेंट के अंदर खुद को बंद करके खुद को भी गोली से उड़ा लिया. इस भयानक घटना ने एक बार फिर अमेरिका में गन कल्चर और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.

ये पूरी घटना वाशिंगटन डीसी के मशहूर लोगन सर्कल इलाके की है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास यानी व्हाइट हाउस से महज एक मील की दूरी पर स्थित है. गुरुवार सुबह का वक्त था और लोग अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे. इसी दौरान 15वीं स्ट्रीट पर स्थित ‘VIDA’ फिटनेस सेंटर के आस-पास अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी.

मेट्रोपॉलिटन पुलिस डिपार्टमेंट के अंतरिम चीफ जेफ्री कैरोल ने इस बात की पुष्टि की है कि इस फायरिंग में कुल पांच लोग गोली का शिकार हुए हैं, जिनमें से एक की जान चली गई है. शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि हमलावर का कथित तौर पर उस इमारत के होम ओनर्स एसोसिएशन के साथ किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. इसी रंजिश या गुस्से के चलते उसने इस खूनी खेल को अंजाम दिया.

एसोसिएटेड रिपोर्ट के मुताबिक, जांच अधिकारियों का मानना है कि हमलावर ने सबसे पहले जिम के अंदर ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी. उस वक्त जिम के अंदर लगभग 50 लोग मौजूद थे.

जिम के अंदर मौजूद एक चश्मदीद जेम्स स्पेलमैन ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए बताया, ‘घटना शुरू होने के कुछ ही सेकंड के भीतर एक आदमी फर्श पर गिर पड़ा और वहां खून का तालाब बन गया’. उन्होंने बताया कि जिम के ही एक सदस्य ने फौरन आगे बढ़कर उस घायल शख्स की मदद करने की कोशिश की, जिसे गर्दन में गोली लगी थी. स्पेलमैन के मुताबिक, उन्होंने जिम के अंदर कम से कम दो गोलियों की आवाज सुनी और उसके बाद बाहर जाने पर पांच-छह गोलियां और दागी गईं.
एक अन्य चश्मदीद रयान डुबिकी अपने पास वाले अपार्टमेंट में मौजूद थे. उन्होंने शुरुआत में गोलियों की आवाज को कंस्ट्रक्शन का शोर समझा, लेकिन कुछ ही पलों में जब भारी तादाद में पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाते हुए वहां पहुंचने लगीं, तब उन्हें अहसास हुआ कि कोई बहुत बड़ी अनहोनी हो गई है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत भारी मात्रा में पुलिस और फेडरल एजेंसियां मौके पर दौड़ पड़ीं. स्थिति इतनी गंभीर थी कि पूरे इलाके को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया और चारों तरफ से सील कर दिया गया.
सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आस-पास की सड़कों को पूरी तरह खाली करवा दिया और लोगों को उस रास्ते से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई. एहतियात के तौर पर पास के स्कूलों को भी तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न हो. स्थिति से निपटने के लिए आधुनिक हथियारों से लैस पुलिस की SWAT टीमें और छतों पर राइफलों के साथ कमांडो तैनात कर दिए गए.

जांच में मदद के लिए ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स के एजेंटों के साथ-साथ FBI का वाशिंगटन फील्ड ऑफिस भी स्थानीय पुलिस की मदद के लिए तुरंत मैदान में उतर आया.

पुलिस और सुरक्षा बलों से घिर जाने के बाद हमलावर ने भागने का कोई रास्ता न पाकर पास ही के एक अपार्टमेंट बिल्डिंग के अंदर खुद को बंद कर लिया. पुलिस अधिकारियों ने जब उसे सरेंडर करने के लिए घेरा, तो आरोपी ने खुद पर ही गोली चला ली और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
डीसी काउंसिल की सदस्य ब्रूक पिंटो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर जानकारी दी कि ये गोलीबारी ‘VIDA’ फिटनेस क्लब के अंदर और बाहर दोनों जगहों पर हुई थी.

ये कोई पहली बार नहीं है जब लोगन सर्कल जैसे पॉश इलाके में इस तरह की हिंसा देखने को मिली हो. इससे पहले अगस्त 2025 की शुरुआत में भी इसी इलाके में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी के एक पूर्व सदस्य पर जानलेवा हमला हुआ था. तब कुछ किशोरों के एक गिरोह ने कार जैकिंग की कोशिश के दौरान उन पर और एक महिला पर हमला कर दिया था.

उस घटना के कुछ ही दिनों बाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने स्थानीय अधिकारियों की व्यवस्था को दरकिनार करते हुए वाशिंगटन डीसी पर सीधा फेडरल कंट्रोल लागू कर दिया था और शहर में अपराध पर लगाम कसने के लिए नेशनल गार्ड के सैकड़ों जवानों को तैनात कर दिया था.
व्हाइट हाउस के इतने करीब हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अमेरिका में हथियारों की खुली छूट और आपसी विवाद किस हद तक जानलेवा साबित हो रहे हैं. इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहराई से छानबीन कर रही हैं कि आखिर हमलावर के पास ये हथियार कहां से आए और उसकी असली मंशा क्या थी?