अमेरिकी रक्षामंत्री को डांटने वाले सैनिक को मेडल, हेगसेथ ने खुद सम्मानित किया

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस सैनिक को मेडल दिया, जिसने एक दिन पहले उन्हें और उनकी टीम को चुप रहने के लिए कहा था। दरअसल, 11 नवंबर को वेटरन्स डे के मौके पर हेगसेथ और उनकी टीम के कुछ लोग युद्ध स्मारक के पास आपस में बात कर रहे थे और हंस रहे थे। यह देखकर वहां ड्यूटी पर तैनात सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने उन्हें चुप रहने को कहा। इसके अगले दिन यानी गुरुवार को हेगसेथ ने थॉमस को पेंटागन बुलाया और उन्हें ‘जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल’ देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस सम्मान समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर कीं।

हेगसेथ ने लिखा, “हम अपने सैनिकों से प्यार करते हैं। हमें अनुशासन और नियमों का पालन पसंद है। शाबाश स्पेशलिस्ट, अपना काम करते रहो।”

यह मामला 11 नवंबर को अमेरिका में मनाए गए वेटरन्स डे का है। इस मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान पहुंचे थे। यहां युद्ध में मारे गए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई थी।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और तीन सलाहकारों रिकी बुरिया, टैमी राडाबॉ और पैट्रिक वीवर के साथ अज्ञात सैनिक की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे।

इसी दौरान वहां कुछ लोगों के बात करने और हंसने की आवाज आने लगी। समाधि पर पहरा दे रहे सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने उन्हें तुरंत टोका। उन्होंने आवाज लगाकर कहा, ‘सभी लोग हर समय शांति और सम्मान बनाए रखें।’

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया था। इसमें इग्लेसियस लोगों को चुप रहने की हिदायत देते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी सैनिक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इग्लेसियस ने सही तरीके से लोगों को वहां शांति बनाए रखने की याद दिलाई थी।

दरअसल, इस समाधि पर तैनात सैनिकों का काम सिर्फ पहरा देना नहीं है। उन्हें यह भी देखना होता है कि वहां आने वाले लोग शोर न करें और शांति बनाए रखें। इसलिए इग्लेसियस ने हेगसेथ और उनके साथ आए लोगों को भी वही करने के लिए कहा, जो वह बाकी लोगों से कहते हैं।

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन के पास अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान में टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर (अज्ञात सैनिक) की समाधि बनी हुई है। यह अमेरिका के सबसे खास युद्ध स्मारकों में से एक है।

यहां उन अमेरिकी सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं, जिनकी युद्ध में मौत हो गई थी, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। यहां प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध के अज्ञात सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं।