रश्मिका ने परम्परागत रीति से विजय संग लिए फेरे, सुबह तेलुगू और शाम को कोडवा रीति-रिवाजों से हुई रस्में

फिल्म पुष्पा: द राइज में अपने अभिनय से देशभर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा ने गुरुवार को उदयपुर में परिणय सूत्र में बंधे। शादी तेलुगू और कोडवा रीति-रिवाजों से लेकिन निजी अंदाज में संपन्न हुई, जिसमें दोनों परिवारों और करीबी दोस्तों सहित करीब 200 मेहमान शामिल हुए। रश्मिका कर्नाटक के कोडवा समुदाय से और विजय देवरकोंडा तेलुगु हिंदू परिवार से आते हैं जिससे शादी की रस्में दो चरणों में संपन्न हुई।

सुबह तेलुगु और शाम को कोडवा रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की रस्में अदा की गई। शादी के बाद दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं। रश्मिका ने अपने पति के लिए भावुक संदेश लिखते हुए उन्हें वह व्यक्ति बताया जिसने उन्हें सच्चे प्यार और शांति का अर्थ समझाया, वहीं विजय ने भी रश्मिका के प्रति अपने स्नेह को व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी उन्हें घर जैसा सुकून देती है।

इससे पहले पारंपरिक रस्मों के तहत रश्मिका के माता-पिता ने दूल्हे के परिवार को नारियल, पान के पत्ते, फल, मिठाई और हल्दी-कुमकुम भेंट किए। इसके बाद विजय की मां माधवी देवरकोंडा ने रश्मिका को खानदानी चूड़ियां भेंट की। मंडप को कच्चे केले और बड़े पत्तों से सजाया गया, जबकि पूरे वेडिंग वेन्यू को गुलाब, ऑर्किड और ट्यूलिप जैसे फूलों से सजाया गया। शादी का आयोजन होटल एमेटोस एकाया में किया गया। शादी के बाद दूल्हे के परिवार की ओर से होटल के बाहर मिठाइयां भी बांटी गईं। शाम को डीजे नाइट का आयोजन रखा गया, जिसमें मशहूर डीजे गणेश रंगनाथन के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

शादी को दोनों स्टार्स की तरफ से काफी निजी रखा गया। मेहमानों के लिए खाने में साउथ इंडियन और पंजाबी खाने के साथ ही जापानी डिशेज बनाई गई।