RCB जीत के बाद विक्ट्री परेड नहीं करेगी, बेंगलुरु पुलिस की एडवाइजरी के बाद फैसला, पिछले साल भगदड़ में 11 मौतें हुई

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार IPL खिताब जीतने के बावजूद बेंगलुरु में विक्ट्री परेड नहीं निकालने का फैसला किया है। RCB के एक सूत्र ने बताया कि शहर में सार्वजनिक समारोहों को लेकर पहले से लागू दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। बेंगलुरु में किसी बड़े समारोह की संभावना नहीं है। बेंगलुरु ने रविवार को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। टीम ने लगातार दूसरे साल IPL खिताब जीता है।

4 जून 2025 को पहला IPL खिताब जीतने के बाद फ्रेंचाइजी ने जल्दबाजी में विक्ट्री परेड की थी। इस दौरान भगदड़ मचने से 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी।

2 दिन पहले डीके शिवकुमार को कर्नाटक का नया CM बनाने का ऐलान किया गया था। उनका शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन इसी हफ्ते होना है। यह कार्यक्रम लोक भवन में शाम 4:10 बजे आयोजित होगा।

बेंगलुरु पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की थी कि RCB की जीत की स्थिति में सड़क पर जश्न, पटाखेबाजी, हुड़दंग या किसी तरह की अव्यवस्था न फैलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया था कि सार्वजनिक स्थानों पर विजय उत्सव की अनुमति नहीं दी जाएगी और लोग चाहें तो घरों या निजी स्थानों पर जश्न मना सकते हैं।