‘हम कॉम्पिटिशन से डरते नहीं, स्वागत करते हैं’, स्टारलिंक विवाद पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का एलन मस्क को जवाब
स्टारलिंक विवाद पर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एलन मस्क को जवाब दिया है. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने साफ-साफ कहा कि कंपनी कभी कॉम्पिटिशन से डरती नहीं, बल्कि उसका स्वागत करती है. रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने आज यानी शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि वह भारत के सैटेलाइट कम्युनिकेशन बाजार में एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक (Starlink) समेत सभी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है. हालांकि, कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि सभी ऑपरेटरों को देश के कानूनों और रेगुलेटरी नियमों का पालन करना होगा.
दरअसल, रिलायंस और भारतीय बाजार को लेकर हाल ही में की गई एलन मस्क की टिप्पणियों के बीच कंपनी ने एक बयान जारी किया. इस बयान में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा कि वह घरेलू और विदेशी कंपनियों के निवेश और इनोवेशन का समर्थन करती है, बशर्ते वे देश के कानूनों के दायरे में रहकर काम करें.
रिलायंस ने कहा, ‘हम सैटेलाइट कम्युनिकेशन में कॉम्पिटिशन (प्रतिस्पर्धा) का स्वागत करते हैं, जिसमें स्टारलिंक भी शामिल है. जियो समेत हर कंपनी को भारत के लोगों की सेवा करनी चाहिए और देश के कानूनों और नीतियों का पालन करना चाहिए.’
कंपनी ने यह भी बताया कि जियो की सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाएं अभी रेगुलेटरी मंजूरी का इंतजार कर रही हैं. कंपनी ने जोर देकर कहा कि भारतीय और विदेशी आवेदकों…दोनों के लिए मंजूरी की प्रक्रिया एक जैसी होनी चाहिए.
बयान में कहा गया, ‘जैसा कि भारत सरकार ने बताया है कि वह हर आवेदक के लिए एक जैसी प्रक्रिया अपनाती है, चाहे वह भारतीय हो या विदेशी. जियो की अपनी सैटेलाइट सेवाएं भी अभी मंजूरी का इंतजार कर रही हैं.’
रिलायंस ने कहा कि वह प्रतिस्पर्धा को ग्राहकों की सेवा करने का एक जरूरी हिस्सा मानती है. कंपनी ने 2016 में टेलीकॉम सेक्टर में जियो की एंट्री को अपने इसी नजरिए के एक उदाहरण के तौर पर पेश किया. कंपनी ने कहा, ‘रिलायंस ने कभी प्रतिस्पर्धा से डरना नहीं सीखा. हम इसे इस बात की सबसे सच्ची कसौटी मानते हैं कि ग्राहकों की सबसे अच्छी सेवा कौन करता है.’
रिलायंस के अनुसार, जियो 2016 में एक नई कंपनी के तौर पर भारतीय टेलीकॉम बाजार में आई थी और तब से अब तक इसके ग्राहकों की संख्या 530 मिलियन (53 करोड़) से ज्यादा हो गई है. कंपनी ने कहा कि जियो ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में मदद की है और डेटा सेवाओं को दुनिया की सबसे सस्ती सेवाओं में से एक बना दिया है
कंपनी ने कहा, ‘जियो खुद 2016 में भारत के पहले से भरे-पूरे टेलीकॉम बाजार में एक नई कंपनी के तौर पर आई थी, तब इसका एक भी ग्राहक नहीं था. महज दस सालों में जियो ने 530 मिलियन से ज्यादा ग्राहकों का भरोसा जीता है.’
यह बयान भारत के सैटेलाइट ब्रॉडबैंड बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच आया है. इस बाजार में स्टारलिंक (Starlink) और जियो (Jio) की सैटेलाइट सेवाएं अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं. रिलायंस ने दोहराया कि निवेश और नवाचार के लिए खुले बाजार के साथ-साथ सभी कंपनियों पर एक समान नियामकीय व्यवस्था लागू होनी चाहिए. कंपनी ने कहा, ‘हर भारतीय कंपनी की तरह रिलायंस भी ऐसे भारत में आगे बढ़ी है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेश और नवाचार का स्वागत करता है, बशर्ते वे लोगों के जीवन को बेहतर बनाएं.’
