CG NEWS : ठंड से थोड़ी राहत…5 दिन 2-3° बढ़ेगा तापमान, दुर्ग-बिलासपुर में शीतलहर चलेगी

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इससे आने वाले दिनों में ठंड में थोड़ी कमी देखी जा सकती है। बुधवार और गुरुवार को राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि भी दर्ज की गई। फिर भी सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की आशंका है। इन क्षेत्रों में हाइपोथर्मिया का जोखिम बढ़ सकता है। रायगढ़ में भी सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण पूरे राज्य में सर्दी का दौर तेज़ हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। रायपुर में नवंबर महीने में नौ साल बाद दूसरी बार न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का है।बीते 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और सबसे कम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। तीन दिन पहले अंबिकापुर में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था, जो पिछले दस सालों में नवंबर में पहली बार हुआ है।

रायगढ़ नगर निगम ने बढ़ती ठंड को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। कुल 9 जगहों पर लकड़ी रखकर अलाव जलाने का इंतजाम किया गया है। इनमें मेडिकल कॉलेज परिसर में दो स्थान, चक्रधर नगर ऑटो स्टैंड, रामनिवास टॉकीज चौक, रेलवे स्टेशन, अशर्फी देवी अस्पताल, जिला अस्पताल, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड, मिनी माता चौक और शनि मंदिर के पास शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *