रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में 4 की मौत, गैस कटर से काटनी पड़ी गाड़ी
छत्तीसगढ़ के रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड से घुसे ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि पूरी गाड़ी चिपक गई, ऐसे में गैस कटर से गाड़ी को काटकर शवों को बाहर निकलना पड़ा है. मृतक बिलासपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो बिलासपुर में सालगिरह मनाकर वापस लौट रहे थे. लेकिन, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है.
घटना रायपुर-रतनपुर हाईवे की है. जहां संबलपुरी गांव में एक ढाबे के पास तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर और कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह से दब गई. ऐसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. जिसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना रात में 2 बजे की बताई जा रही है. जहां ट्रेलर अनियंत्रित अचानक से रॉन्ग साइड में आ गया और उसने सामने से रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो कार को जोरदार टक्कर मार दी. कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग अंदर ही दब गए थे.
वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी. घटना के बाद गैस कटर से गाड़ी को काटकर शवों को निकालना पड़ा है. बताया जा रहा है कि करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका. परिवार बिलासपुर का रहने वाला बताया जा रहा है जो ढाबे पर आयोजित एक कार्यक्रम से वापस लौट रहा था. लेकिन, कुछ दूर चलने पर ही यह हादसा हुआ है. घटना के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं.
छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया कि फिलहाल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों को तुरंत जानकारी दी गई थी.
