रोहित-हार्दिक पर सस्पेंस खत्म, अफगानिस्तान ODI सीरीज खेलने को तैयार, ऐसे BCCI ने दी हरी झंडी
अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ी राहत मिली है. रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस क्लीयरेंस मिल गई है. इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों के सीरीज में खेलने को लेकर चल रहा सस्पेंस लगभग खत्म हो गया है. हार्दिक पंड्या आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के अभियान के समाप्त होने के बाद छुट्टियां मनाने विदेश गए थे. 2 जून को CoE पहुंचने के बाद उन्होंने कई दिनों तक मैच सिमुलेशन सेशन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की और किसी भी तरह की परेशानी महसूस नहीं की.
BCCI के एक सूत्र ने PTI को बताया कि हार्दिक की फिटनेस से जुड़े सभी पैरामीटर स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोचों ने मंजूर कर दिए हैं. ऐसे में वह अब पूरी तरह मैच फिट माने जा रहे हैं. वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी हार्दिक के बाद CoE पहुंचे थे. आईपीएल 2026 के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी, जिसके चलते वह कई मुकाबले नहीं खेल पाए थे और अधिकांश मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में नजर आए थे. मेडिकल जांच के बाद रोहित को भी RTP (रिटर्न टू प्ले) की मंजूरी मिल गई है. हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक रोहित और हार्दिक मुल्लांपुर में टीम से नहीं जुड़ेंगे. दोनों खिलाड़ियों के सीधे धर्मशाला में भारतीय टीम के साथ जुड़ने की संभावना है, जहां 13 जून को सीरीज का पहला वनडे खेला जाएगा.
वहीं चोटिल विराट कोहली की जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. कोहली को आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. उन्होंने फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए नाबाद 75 रन की पारी खेली थी. उम्मीद है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यशस्वी जायसवाल को बल्लेबाजी क्रम में कहां मौका मिलेगा. वह स्वाभाविक ओपनर हैं, लेकिन टीम में पहले से मौजूद ईशान किशन के रहते उन्हें नंबर-3 पर आजमाया जा सकता है.
