रोहित शर्मा और वसीम अकरम गले मिले, भारत-पाकिस्तान मैच में कप्तान ने नहीं मिलाया हाथ, फैंस के ऐसे कमेंट्स
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अक्रम के बीच की गर्मजोशी ने मैदान पर प्रतिद्वंद्विता शुरू होने से पहले ही सुर्खियां बटोर लीं। हालांकि कुछ फैंस का मनना था कि रोहित शर्मा को ऐसा नहीं करना चाहिए था, रोहित शर्मा आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के ब्रांड एम्बेसडर हैं। वह चाह कर भी इतने बड़े मंच पर ऐसा नहीं कर सकते थे।
मैच की शुरुआत से पहले रोहित शर्मा और वसीम अक्रम को एक साथ देखा गया। टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसडर के रूप में पहुंचे रोहित ने वसीम अक्रम से हाथ मिलाया और उन्हें गले लगाया। दोनों दिग्गजों ने कुछ देर बातचीत की और साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं। यह पल तब आया जब दोनों को संजोग गुप्ता के साथ टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को मैदान पर लेकर चलना था। रोहित के इस दोस्ताना अंदाज को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है, कुछ फैंस के बीच इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं भी दिखीं।
रोहित शर्मा ने न केवल अक्रम से मुलाकात की, बल्कि वह भारतीय टीम के कैंप में भी नजर आए। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ से मुलाकात कर उन्हें इस बड़े मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं। एक सीनियर स्टेट्समैन के रूप में रोहित की मौजूदगी ने टीम के माहौल को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया, जिसका असर बाद में मैदान पर प्रदर्शन में भी दिखा। वहीं टीम इंडिया ने इस मुकाबले को बड़ी ही आसानी के साथ 61 रनों से अपने नाम किया।
भले ही मैदान के बाहर भाईचारा दिखा, लेकिन पिच पर भारतीय टीम ने कोई ढील नहीं दी। ईशान किशन ने धीमी पिच पर अपनी सुपरसोनिक बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए 40 गेंदों पर 77 रनों की बेमिसाल पारी खेली। इसके बाद जसप्रीत बुमराह (2/17) और हार्दिक पंड्या (2/16) ने अपनी घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। पाकिस्तान की पूरी टीम महज 114 रनों पर सिमट गई, जिससे यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा साबित हुआ।
टॉस के समय टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से साथ नहीं मिलाया. नो हैंडशेक वाली परंपरा टीम इंडिया ने जारी रखी. मैच में जीत के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया. ऐसे में रोहित का वसीम से मुलाकात करना और उन्हें गले लगाना फैंस को पसंद नहीं आ रहा है.
