रोनाल्डो लगातार 6 वर्ल्डकप में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर, टूर्नामेंट में पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी बनाया
पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो लगातार 6 फुटबॉल वर्ल्डकप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मंगलवार रात को उज्बेकिस्तान के खिलाफ छठे मिनट में गोल करके यह उपलब्धि हासिल की। 41 साल के रोनाल्डो 2006, 2010, 2014, 2018 और 2022 के वर्ल्ड कप में भी गोल स्कोर कर चुके हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ा। मेसी ने 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप में गोल किए हैं। लेकिन, वे 2010 के एडिशन में गोल नहीं कर सके। ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया।
रोनाल्डो ने अपना पहला वर्ल्डकप गोल 2006 में 21 साल की उम्र में किया था। उनके नाम सबसे ज्यादा 145 इंटरनेशनल गोल हैं। रोनाल्डो 230वां इंटरनेशनल मैच खेल रहे थे।
पुर्तगाल के टॉप स्कोरर
रोनाल्डो ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसी के साथ वे पुर्तगाल के लिए वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा 10 गोल करने वाले प्लेयर भी बन गए। उन्होंने यूसेबियो के 9 गोल के रिकार्ड को पीछे छोड़ा। मैच में रोनाल्डो के अलावा, नूनो मेंडेस (17वें मिनट) और राफेल लेओ (87वें मिनट) ने गोल किया। 59वें मिनट में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव से बॉल टकराकर गोल में चली गई। इसे ओन गोल माना गया। मौजूदा टूर्नामेंट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 2 गोल हो चुके हैं। वे पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ गोल नहीं कर सके थे। मैच की शुरुआत से ही पुर्तगाल अटैकिंग दिखा। चौथे मिनट में नूनो मेंडेस के क्रॉस पर रोनाल्डो मौका चूक गए, लेकिन दो मिनट बाद उन्होंने गलती नहीं दोहराई। जोआओ कैंसिलो के लो क्रॉस पर रोनाल्डो ने शानदार राइट-फुटेड शॉट लगाकर गेंद को नेट में पहुंचाया। इसी गोल के साथ वह 6 वर्ल्डकप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। 14वें मिनट में उज्बेकिस्तान के खामरोबेकोव ने पेड्रो नेटो को फाउल किया। यहां पुर्तगाल को फ्री-किक मिली। सभी को लगा कि रोनाल्डो शॉट लेंगे, लेकिन उन्होंने गेंद छोड़ दी और नूनो मेंडेस ने 17वें मिनट में शानदार लो शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया।
29वें मिनट में उज्बेकिस्तान के अजीज गानिएव ने दूर से शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के टॉप कॉर्नर में पहुंचा दिया था। हालांकि, रिव्यू में पुर्तगाल के जोआओ कैंसिलो पर फाउल पाया गया और गोल नहीं दिया गया।
38वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस ने मिडफील्ड से बेहतरीन थ्रू बॉल दी। रोनाल्डो डिफेंस से निकलते हुए आगे बढ़े और गेंद को पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। इस गोल ने पुर्तगाल को हाफ टाइम से पहले 3-0 की बढ़ पर ला दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा।
