रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल फुटबॉल वर्ल्डकप से बाहर, स्पेन ने 1-0 से हराया
स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानों रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल और मेजबान अमेरिका फुटबॉल वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है। मंगलवार को दिन के पहले मैच में पुर्तगाल को स्पेन ने 1-0 से हराया। जबकि, अमेरिका ने बेल्जियम ने 4-1 के बड़े अंतर से हराया। 41 साल के रोनाल्डो अपने करियर का आखिरी वर्ल्ड कप खेल रहे थे। डलास स्टेडियम से बाहर जाते समय फैंस ने खड़े होकर उन्हें सम्मान किया। उन्होंने गंभीर चेहरे के साथ फैंस का अभिवादन किया, इससे यह साफ था कि वे अपने वर्ल्ड कप करियर का अंत जीत के साथ करना चाहते थे।
इधर, सिएटल स्टेडियम में मेजबान अमेरिका पर डिफेंस की गलतियां भारी पड़ी। बेल्जियम के चार्ल्स डी केटेलारे ने डबल गोल किए। उन्होंने एक गोल करने में मदद भी की। 57वें मिनट में गोलकीपर मैट फ्रीज की बड़ी गलती मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुई।
स्पेन वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार सबसे अधिक मैचों तक गोल नहीं खाने वाली टीम बन गई। स्पेन ने लगातार छठे मैच में गोल नहीं खाया है। स्पेन ने इटली (1990) और स्विट्जरलैंड (2006-10) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दोनों टीमों ने लगातार 5-5 वर्ल्ड कप मैचों में कोई गोल नहीं खाया था।
स्पेन की क्लीन शीट का सिलसिला 2022 वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में मोरक्को के खिलाफ 0-0 ड्रॉ से शुरू हुआ था। हालांकि, उस मैच में मोरक्को पेनल्टी शूटआउट में आगे बढ़ गया था। मौजूदा वर्ल्ड कप में स्पेन ने ग्रुप चरण में केप वर्डे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला, जिसके बाद लगातार चार मैचों में क्लीन शीट रखते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।
29 साल के गोलकीपर उनाई सिमोन ने लगातार 609 मिनट तक गोल नहीं खाकर वर्ल्ड कप का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने ऑस्ट्रिया के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले में इटली के दिग्गज गोलकीपर वाल्टर जेंगा का 517 मिनट का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा था। सिमोन ने 2022 वर्ल्ड कप में जापान के खिलाफ 2-1 गोल खाया था।
सिमोन ने पुर्तगाल के खिलाफ पहले हाफ में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो प्रयास विफल किए। इनमें एक शानदार डाइविंग सेव भी शामिल रही, जब उन्होंने हवा में रहते हुए दोनों हाथों से गेंद को पकड़ लिया। स्पेन अब इसी मजबूत डिफेंस के दम पर वर्ल्ड कप खिताब की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हो गया है।
रोनाल्डो ने 2006 वर्ल्ड कप में डेब्यू किया था। उसी टूर्नामेंट में पुर्तगाल को सेमीफाइनल तक पहुंचाया, जो उनके वर्ल्ड कप करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। 2018 वर्ल्ड कप में स्पेन के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में उन्होंने यादगार हैट्रिक लगाई थी। 3-3 से समाप्त हुआ वह मैच वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में गिना जाता है।
