World Athletics Championships : सचिन यादव 40cm से मेडल चूके, 86.27 मीटर के साथ चौथे नंबर पर

टोक्यो में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जेवलिन थ्रो फाइनल में भारत के नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम मेडल नहीं जीत सके। भारत के एक अन्य थ्रोअर सचिन यादव ने करियर बेस्ट (86.27 मीटर) प्रदर्शन किया, लेकिन वे चौथे स्थान से आगे नहीं बढ़ सके। सचिन महज 40 सेंटीमीटर के फासले से ब्रॉन्ज चूक गए। ब्रॉन्ज जीतने वाले खिलाड़ी ने 86.67 मीटर का थ्रो किया।
त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वाल्कॉट ने 88.16 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (87.38 मीटर) ने सिल्वर और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन (86.67 मीटर) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
डिफेंडिंग चैंपियन नीरज पांच प्रयास में 84.03 मीटर का बेस्ट थ्रो ही निकाल सके। वे आठवें नंबर पर रहते हुए बाहर हुए। वहीं, ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट पाकिस्तान के अरशद नदीम चार अटैम्प्ट में 82.75 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ 10वें नंबर पर रहे। नीरज चोपड़ा ने पहला थ्रो 83.65 मीटर का थ्रो किया। उनका दूसरा थ्रो 84.03 मीटर का रहा और तीसरा थ्रो फाउल रहा। चौथे प्रयास में उन्होंने 82.86 मीटर का थ्रो किया। इस तरह चार राउंड के बाद उनका बेस्ट स्कोर 84.03 मीटर का रहा। उनका पांचवां प्रयास फाउल रहा और वे मेडल की रेस से बाहर हो गए।
नदीम ने पहला थ्रो 82.75 मीटर का थ्रो किया था। नदीम का दूसरा थ्रो फाउल रहा है। तीसरे प्रयास में 82.73 मीटर का थ्रो किया। उनका चौथा प्रयास फाउल रहा और वे 10वें नंबर पर रहते हुए मेडल की रेस से बाहर हो गए।
इन दोनों से आगे सचिन यादव रहे। सचिन ने 86.27 मीटर का पहला थ्रो किया। सचिन का दूसरा थ्रो फाउल रहा। तीसरे प्रयास में उन्होंने 85.71 मीटर का थ्रो किया। उनका चौथा थ्रो 84.90 मीटर का रहा। उन्होंने पांचवें प्रयास में 85.96 और छठे प्रयास में 80.95 का स्कोर निकाला। इस तरह वे 86.27 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ चौथे नंबर पर रहे।