AI से 80s के दौर में पहंचा साय कैबिनेट, सीए साय, डिप्टी सीएम साव -शर्मा का दिखा रेट्रो अंदाज
सोशल मीडिया पर इन दिनों 80 के दशक की यादें ताजा करने वाला AI फोटो ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर यूजर्स अपनी मौजूदा तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से 1980 के दशक के लुक में बदलकर शेयर कर रहे हैं।
अब इस ट्रेंड का असर छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत उनकी कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने 80 के दशक के रेट्रो लुक में अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
AI से तैयार इन तस्वीरों में मंत्री बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में उस दौर के कपड़े, हेयरस्टाइल, रंग, कैमरा क्वालिटी और विंटेज बैकग्राउंड का इस्तेमाल किया गया है।
कुछ तस्वीरों में पारंपरिक पहनावे का अंदाज दिख रहा है, तो कुछ में 80 के दशक की फिल्मों और पारिवारिक तस्वीरों जैसा लुक नजर आ रहा है।
इस ट्रेंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
मंत्रियों में रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्यामबिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी और टंकराम वर्मा ने भी रेट्रो लुक वाली तस्वीरें साझा की हैं।
इसके अलावा लक्ष्मी राजवाड़े, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल की तस्वीरें भी इस ट्रेंड में दिखाई दे रही हैं।
तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इन नेताओं के रेट्रो अवतार को लेकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
1980s Retro AI Trend में किसी व्यक्ति की सामान्य तस्वीर को AI टूल के जरिए उस दौर की फोटो जैसा बनाया जाता है।
इसमें कपड़े, हेयरस्टाइल, फोटो की क्वालिटी, कलर टोन और बैकग्राउंड को 80 के दशक के हिसाब से बदला जाता है। इससे तस्वीर देखने पर ऐसा लगता है जैसे वह कई दशक पुरानी हो।
यह ट्रेंड सिर्फ नेताओं तक सीमित नहीं है। आम सोशल मीडिया यूजर्स, कलाकार और दूसरे चर्चित चेहरे भी अपनी तस्वीरों को रेट्रो अंदाज में बदलकर शेयर कर रहे हैं।

कोई अपनी फोटो को पुराने फिल्मी अंदाज में तैयार कर रहा है, तो कोई शादी, कॉलेज या पारिवारिक तस्वीर जैसा लुक दे रहा है। पुरानी फिल्मों का फैशन और विंटेज फोटो इफेक्ट इस ट्रेंड को खास बना रहा है।
80s इंस्पायर्ड AI फोटो बनाने के लिए यूजर्स किसी AI इमेज जनरेशन टूल, जैसे ChatGPT, में अपनी साफ तस्वीर अपलोड कर सकते हैं। इसके बाद व्यक्ति के चेहरे की पहचान बरकरार रखते हुए उसे 80s के माहौल में दिखाने का प्रॉम्प्ट दिया जा सकता है।

फोटो को रेट्रो लुक देने के लिए वॉल्यूमिनस हेयरस्टाइल, रंगीन कपड़े, डेनिम जैकेट, स्टेटमेंट एक्सेसरीज, विंटेज इंटीरियर, बॉलीवुड इंस्पायर्ड बैकग्राउंड, वार्म लाइटिंग, फीके रंग और फिल्म-ग्रेन इफेक्ट जैसी डिटेल्स जोड़ी जा सकती हैं। यूजर्स हेयरस्टाइल, आउटफिट या बैकग्राउंड में बदलाव करके तस्वीर को अपनी पसंद के मुताबिक भी तैयार कर सकते हैं।
