बिहार के अगले सीएम होंगे सम्राट चौधरी, बीजेपी ने विधायक दल का नेता चुना

सम्राट चौधरी ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. उन्हें ​बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है. पटना में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई बीजेपी विधानमंडल की बैठक में विजय सिन्हा, मंगल पांडे और दिलीप जायसवाल ने भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा. सम्राट चौधरी थोड़ी देर में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.

केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा प्रमुख जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी को बधाई दी. उन्होंने X पर लिखा, ‘पुत्रवत सम्राट चौधरी जी को बिहार भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. बिहार को नया सम्राट मुबारक हो.’