सनातन पदयात्रा- धीरेंद्र शास्त्री संग जमीन पर बैठीं शिल्पा शेट्टी, सनातन धर्म की रक्षा के लिए राजपाल यादव भी साथ

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का आज नौवां दिन है। यूपी में यात्रा आज तीसरे दिन आगे बढ़ रही है। इसमें प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी मथुरा से शामिल हुई हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने घोषणा की है कि वह चल रही ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ में शामिल हो रही हैं। अपने फैंस के साथ एक वीडियो मैसेज शेयर करते हुए, एक्ट्रेस ने लोगों से धर्म और एकता के लिए साथ चलने का आग्रह किया था। 7 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलने वाली इस पदयात्रा का मार्गदर्शन बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कर रहे हैं। शिल्पा शेट्टी सहित कई सेलेब्स इस यात्रा से जुड़ रहे हैं। शिल्पा शेट्टी के साथ राजपाल यादव और एकता कपूर भी धीरेंद्र शास्त्री के साथ नजर आए। शिल्पा बकायदा शास्त्री जी के साथ नीचे जाकर बैठीं और उनसे बातें करती नजर आईं। वहीं, राजपाल यादव भी उनके साथ बैठे थे।

इससे पहले, शिल्पा शेट्टी ने कहा था, ‘हम सनातनियों का हमेशा धर्म के मार्ग पर चलने का प्रयास रहता है, लेकिन धर्म के लिए चलना भी उतना ही जरूरी है जितना कि उसके मार्ग पर चलना। 7 से 16 नवंबर तक पूज्य श्री धीरेंद्र शास्त्री जी के मार्गदर्शन में सनातन हिंदू एकता पदयात्रा आयोजित की जा रही है। मैं भी इसमें शामिल होऊंगी और सभी को आमंत्रित करती हूं कि वे भी साथ आएं और धर्म के लिए कुछ कदम बढ़ाएं।’ उन्होंने अंत में संस्कृत का श्लोक ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ भी कहा, जिसका अर्थ है, ‘जो धर्म की रक्षा करते हैं, धर्म उनकी रक्षा करता है।’

सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का नेतृत्व बागेश्वर धाम पीठ के प्रमुख आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कर रहे हैं। आध्यात्मिक गुरु ने दिल्ली में हजारों अनुयायियों को संबोधित करते हुए सनातन हिंदुओं के बीच एकता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा न केवल धार्मिक भक्ति का प्रतीक है, बल्कि आधुनिक भारत में हिंदू पहचान और मूल्यों को मज़बूत करने की सामूहिक प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।