राजस्थान के 4 जिलों में रेत का बवंडर ! श्रीगंगानगर में ओले गिरे, कोटा में कार पर पेड़ गिरा, वाहनों के भी लाइट जलाने पड़े
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और सीकर में रेत का बवंडर आया। इस दौरान दिन में अंधेरा छा गया। वाहनों के भी लाइट जलाने पड़े। बवंडर के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में दोपहर बाद 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की प्रबल संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और वज्रपात भी हो सकता है। शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। झुंझुनूं के मलसीसर में 43 मिमी जबकि धौलपुर के बाड़ी में सर्वाधिक 58 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक मौसम सक्रिय रहने और अधिकतम तापमान 44 डिग्री से नीचे बने रहने का अनुमान जताया है।
