ट्रम्प की बेटी टिफनी ने पति के साथ ताजमहल देखा, नक्काशी देखकर चौंकीं, पूछा- इतना सुंदर मार्बल कहां से आया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ शनिवार को आगरा पहुंचीं। दोनों ने करीब एक घंटे ताजमहल परिसर में बिताए। ताजमहल की खूबसूरती देखकर टिफनी काफी खुश नजर आईं। टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल का चार्टर्ड विमान सुबह ठीक 11:30 बजे आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर लैंड हुआ. सुरक्षा कारणों और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें पहले होटल जाना था, लेकिन ताज को करीब से देखने की उत्सुकता के चलते उनका काफिला सीधे ताजमहल के लिए रवाना हो गया. गोल्फ कार्ट में सवार होकर जब यह वीआईपी जोड़ा ताजमहल परिसर में दाखिल हुआ, तो टिफनी ने हाथ जोड़कर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया और धन्यवाद कहा. इस दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे.
नारंगी रंग की बेहद खूबसूरत लॉन्ग ड्रेस और सनग्लासेस पहने टिफनी ट्रंप ने पति माइकल के साथ करीब एक घंटा ताजमहल परिसर में बिताया. ताज की बेमिसाल वास्तुकला को देखकर टिफनी खुद को रोक नहीं पाईं और गाइड रमेश दीवान से इसके इतिहास को लेकर कई सवाल किए.
टिफनी ने गाइड से पूछा कि इसमें इस्तेमाल किया गया संगमरमर कहाँ से लाया गया था और इतनी बारीक नक्काशी कैसे की गई? इस पर गाइड ने उन्हें बताया कि यह बेशकीमती सफेद संगमरमर पूरी तरह भारतीय है, जबकि नक्काशी में इस्तेमाल हुए रंग-बिरंगे स्टोन भारत के अलावा अफ्रीका और यमन जैसे देशों से मंगवाए गए थे.
| अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफ़नी ट्रंप और उनके दामाद माइकल बुलोस, उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल देखने पहुंचे। pic.twitter.com/zz1XIvJwGj
— Dhurandhar (@dhurandarx) May 30, 2026
ताजमहल के दौरे पर आने वाले हर सैलानी की तरह टिफनी और माइकल भी मशहूर ‘डायना बेंच’ पर पहुंचे. दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर बेहद रोमांटिक अंदाज में तस्वीरें खिंचवाईं. अलग-अलग पोज में फोटो क्लिक कराने के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा और स्टाफ टीम के साथ एक ग्रुप फोटो भी ली. पूरे दौरे के दौरान टिफनी के चेहरे पर ताज की खूबसूरती को लेकर एक अलग ही चमक और खुशी साफ देखी जा सकती थी.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ताज का दीदार करने के बाद टिफनी और माइकल का काफिला मशहूर लग्जरी होटल ‘अमर विलास पैलेस’ पहुंचा. टिफनी को होटल के उसी खास कमरे में ठहराया गया है, जहां की खिड़की से ताजमहल का भव्य नजारा बिल्कुल साफ दिखाई देता है. होटल में शाही लंच करने और कुछ देर आराम करने के बाद, यह जोड़ा अपने निजी चार्टर्ड प्लेन से राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो जाएगा.
