दिल्ली में ब्लास्ट के बाद छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बढ़ाई, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पर्यटन-धार्मिक स्थलों पर निगरानी

दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए धमाके से 9 लोगों की मौत हो गई है। ब्लास्ट के बाद छत्तीसगढ़ में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल समेत भीड़ वाली जगहों पर जांच की गई। वहीं रायपुर में भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। संभावित किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की टीमें तैनात कर दी गई हैं और गश्त बढ़ा दी गई है। दिल्ली में धमाके की खबर मिलते ही रायपुर पुलिस ने शहर में सुरक्षा बढ़ाने के आदेश जारी किए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतें और दिन-रात गश्त बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जांच की जाए और बिना अनुमति किसी को भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध सामान लेकर जाने न दिया जाए। सभी थानों में कंट्रोल रूम से सीधा संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई हो सके। शहर के हर जोन में पुलिस की मोबाइल टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

रायपुर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जयस्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, तेलीबांधा, सिविल लाइंस और एयरपोर्ट को उच्च संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की तलाशी और सामान की जांच प्रक्रिया को और सख्त किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है। एयरपोर्ट पर भी सीआइएसएफ ने सुरक्षा चक्र को और मजबूत कर दिया है।

संभावित खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वाड को पूरी तरह तैयार रहने के आदेश दिए गए हैं। ये टीमें रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और माल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लगातार सर्च आपरेशन चला रही हैं। शहर के प्रमुख माल्स, सिनेमाघरों और धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एहतियातन कदम है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से पहले ही निपटा जा सके।

रायपुर पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या वाहन की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा कवच है। लोगों से यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने या बिना पुष्टि की खबरें साझा करने से बचें। प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षा में सहयोग ही सबसे बड़ी देशभक्ति है, और ऐसे समय में जिम्मेदारी और सतर्कता ही सुरक्षा की कुंजी है।

सुरक्षा एजेंसियों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड और मार्केट क्षेत्रों में निगरानी को और मजबूत किया गया है। इंटेलिजेंस यूनिट को संदिग्ध मोबाइल गतिविधियों और सोशल मीडिया संदेशों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, राज्य और केंद्र की एजेंसियां लगातार संपर्क में हैं और दिल्ली धमाके से जुड़े किसी भी लिंक की संभावना पर निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल रायपुर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। फिर भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। एसएसपी ने कहा कि त्योहारों और आयोजनों के मद्देनजर सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर के हर एरिया में गश्त टीमों की तैनाती बढ़ाई गई है और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *