शाहरुख खान, गौरी और सुहाना के साथ लालबागचा राजा पहुंचे, एक्टर को गणपति के चरण स्पर्श करना सिखाते दिखीं मैनेजर

शाहरुख खान ने गणेशोत्सव के मौके पर मुंबई के प्रसिद्ध ‘लालबागचा राजा’ पंडाल पहुंचकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और मैनेजर पूजा ददलानी भी मौजूद थीं। इस दौरान शाहरुख को उनकी मैनेजर पूजा ददलानी गणपति के चरण स्पर्श करने का तरीका सिखाती दिखीं। वहीं गर्मी के चलते शाहरुख मैनेजर के दुपट्टे से पसीना पोंछते दिखाई दिए।

लालबागचा राजा के दर्शन के बाद शाहरुख ने टी-सीरीज ऑफिस जाकर भी भगवान गणेश की पूजा की। लालबागचा राजा पंडाल पहुंचने पर शाहरुख खान को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दर्शन के दौरान शाहरुख नीले रंग के कुर्ते में नजर आए।

वहीं उनकी बेटी सुहाना खान हरे रंग के पारंपरिक परिधान और पत्नी गौरी खान पीले रंग के एथनिक आउटफिट में दिखीं।

लालबागचा राजा के दर्शन के बाद शाहरुख खान मुंबई स्थित टी-सीरीज के ऑफिस भी पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मैनेजर पूजा ददलानी के साथ गणेश पूजा में हिस्सा लिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शाहरुख ब्लैक ट्राउजर और चेक शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। उन्होंने गणपति की प्रतिमा के सामने प्रार्थना की और प्रसाद ग्रहण किया।