Share Market : शेयर बाजार में बढ़त, सेंसेक्स 300 से अधिक अंक उछला, निफ्टी 24,300 के पार
सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर शानदार रौनक देखने को मिली, जब बाजार के दोनों मुख्य सूचकांक- सेंसेक्स और निफ्टी- मजबूत बढ़त के साथ हरे निशान में खुले। शुरुआती कारोबारी सत्र में बाजार ने अपनी तेजी की रफ्तार को आगे बढ़ाते हुए लगातार चौथे सत्र में तेज बढ़त दर्ज की। शेयर बाजार में आया यह उछाल देश में मॉनसून की उम्मीदें दोबारा जिंदा होने, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के शुद्ध खरीदार बनने और कुछ अन्य सहायक कारकों से निवेशकों का मनोबल (इन्वेस्टर सेंटीमेंट) काफी मजबूत होने की वजह से आया है।
बीएसई का संवेदनशील सूचकांक सेंसेक्स 379.66 अंक या 0.48% की शानदार बढ़त के साथ 78,143.57 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स में 300 से अधिक अंकों का उछाल देखा गया।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मुख्य सूचकांक निफ्टी 50 भी 97.21 अंक या 0.40% की मजबूती दर्ज करते हुए 24,368.05 के स्तर पर पहुंच गया। ट्रेडिंग सत्र के दौरान निफ्टी 50 लगातार 24,300 के स्तर से ऊपर बना हुआ था।
